झालावाड़, 31 अक्टूबर। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से झालावाड़ की सड़कों पर आज एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मिनी सचिवालय से गढ़ परिसर तक भव्य एकता मार्च निकाला गया, जिसने पूरे शहर में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से देशभक्ति की लहर दौड़ा दी।

एकता मार्च को राज्य मंत्री एवं झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मार्च में अधिकारियों, कर्मचारियों, राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड, शिक्षक-शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों सहित लगभग 2000 लोग शामिल हुए। प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी और जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के नेतृत्व में मार्च के दौरान “भारत माता की जय” और “सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहें” के जयघोष से शहर में देशभक्ति का माहौल बन गया।




एकता मार्च का मार्ग मामा-भांजा, मूर्ति चौराहा, मंगलपुरा टेक और मंगलपुरा चौराहा से होकर गढ़ परिसर स्थित स्काउट गाइड कार्यालय तक गया। मार्च के पूर्व प्रभारी मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों से एकता और अखंडता की शपथ दिलाई तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही माय भारत पोर्टल के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अवसर हमें स्वतंत्र भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिर्माण के शिल्पी सरदार वल्लभ भाई पटेल के अदम्य संकल्प, दूरदर्शिता और संगठन कौशल को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के पश्चात बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने भारत को भौगोलिक और राष्ट्रीय एकता प्रदान की।




जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने उपस्थित लोगों से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और राष्ट्रीय एकता दिवस को केवल एक तिथि नहीं, बल्कि अखंड भारत की आत्मा को नमन करने का दिवस बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जैसे महापुरुषों के व्यक्तित्व और मार्गदर्शन का अनुसरण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

एकता मार्च में अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, उपवन संरक्षक सागर पंवार, उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण, पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, राजकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। मार्च न केवल सरदार पटेल के योगदानों को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और नशा मुक्ति जैसे सशक्त संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाया।

यह एक ऐसा दिवस था जिसने झालावाड़ को “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना से आलोकित कर दिया और नागरिकों में राष्ट्रीय एकता व देशभक्ति की अदम्य भावना को नई प्रेरणा दी।

Updated On
Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story