सलूंबर, 04 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक एक श्रृंखला जनकल्याणकारी और जागरूकता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला कलक्टर अवधेश मीना ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थान दिवस से होगी। इसके पश्चात 13 दिसंबर को रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। सड़क सुरक्षा अभियान 15 दिवसीय होगा, जबकि 14 दिसंबर को स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 दिसंबर को रक्तदान शिविर, आरोग्य कैम्प और गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 दिसंबर को जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन होगा और राजकीय कार्यालयों में एक घंटे का साफ-सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

इसके बाद 17 दिसंबर को ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 21 दिसंबर को ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा। 23 दिसंबर को मिशन लाइफ के तहत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 24 दिसंबर को पंच गौरव योजना के अंतर्गत जिलेभर के चयनित पर्यटन स्थलों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। अंततः 25 दिसंबर को जिले, उपखंडों एवं अटल सेवा केंद्रों पर ‘सुशासन दिवस’ की शपथ दिलाई जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जिला स्तरीय प्रदर्शनी और ‘जिला विकास पुस्तिका’ तैयार की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ और विभागीय उपलब्धियों के संक्षिप्त नोट शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, एसडीएम जगदीश चन्द्र बामनिया, एसीईओ दिनेश चंद्र पाटीदार, आयुक्त गणपत लाल खटीक सहित सभी विभागीय जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर को जनहित से जोड़ते हुए अधिकतम आमजन तक लाभ और जानकारी पहुंचाएं।

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के इस अवसर पर आयोजित यह विविध कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक उपलब्धियों को उजागर करेंगे, बल्कि आमजन में जागरूकता और सहभागिता को भी प्रोत्साहित करेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story