ओमान में ड्रोन हमले में रायपुर उपखंड के लालपुरा निवासी पप्पू सिंह की मौत
ओमान के सोहार स्थित अल-अवाही इंडस्ट्रियल एरिया में हुए ड्रोन हमले में भारतीय मजदूर की मौत; रायपुर एसडीएम ने लालपुरा पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।

रायपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम लालपुरा निवासी 50 वर्षीय पप्पू सिंह पुत्र देवी सिंह की ओमान में हुए ड्रोन हमले में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सुमित्रा बिश्नोई शनिवार को लालपुरा पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार यह घटना मस्कट के पास सोहार शहर के अल-अवाही औद्योगिक क्षेत्र में हुई बताई जा रही है। ड्रोन हमले में पप्पू सिंह सहित एक अन्य भारतीय मजदूर की भी मौत हो गई, जबकि लगभग 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें 10 भारतीय शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मृतक के पुत्र सुरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार दोपहर लगभग 3:30 बजे ओमान से कंपनी के सुपरवाइजर का फोन आया था। उन्होंने जानकारी दी कि सोहार शहर के अल-अवाही औद्योगिक क्षेत्र के रिहायशी इलाके में हुए ड्रोन हमले में कंपनी के कई कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें पप्पू सिंह और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार पप्पू सिंह पिछले 6 वर्षों से ओमान में मजदूरी कर रहे थे और एक कंपनी में कार्यरत थे। वे आखिरी बार अपनी बेटी की शादी में शामिल होने भारत आए थे और 2 जनवरी 2024 को वापस ओमान लौटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
शनिवार को रायपुर एसडीएम सुमित्रा बिश्नोई लालपुरा पहुंचीं और परिजनों तथा ग्रामीणों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन मस्कट स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित कंपनी के संपर्क में है तथा शव को जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मस्कट में पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मृतक पप्पू सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी सरिता, दो बेटियां और पुत्र सुरेंद्र का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। विदेश में हुई इस दर्दनाक घटना ने लालपुरा गांव में गहरा शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Jagdish Mali, Raipur
नाम: जगदीश माली
वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)
कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस
परिचय
जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।
