अब 11 दिसंबर तक भर सकेंगे एसआईआर के गणना प्रपत्र जागरूकता गीत और नृत्य के माध्यम से युवाओं को किया प्रेरित, मतदान के महत्व पर लिया संकल्प
बारां में विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस पर महाविद्यालयों में एसआईआर गणना प्रपत्रों की जानकारी और मतदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रक्रिया समझाई गई और 11 दिसंबर तक फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बताई गई। नृत्य व गीत के माध्यम से युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

बारां। विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस पर जिले के महाविद्यालयों में बुधवार का दिन लोकतांत्रिक जागरूकता के नाम रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर तथा सीईओ राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में आयोजित विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी गई और मतदान को अपना अधिकार मानकर निभाने का संकल्प भी दिलाया गया। राजकीय कन्या महाविद्यालय में एसआईआर और मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित मुख्य कार्यक्रम ने छात्रों में विशेष उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने उपस्थित विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया और बताया कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के गणना प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर तय की है। उन्होंने निर्वाचन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की विस्तृत प्रक्रिया समझाते हुए स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए मतदाता के आधार कार्ड और ईपिक में नाम समान होना चाहिए, साथ ही ईपिक का मोबाइल नंबर से लिंक होना भी अनिवार्य है।
इसके बाद भार्गव ने ऑफलाइन गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान अंतर्गत बीएलओ प्रत्येक मतदाता का भौतिक सत्यापन कर रहा है, जिसके लिए गणना फॉर्म तीन भागों में विभाजित किया गया है। प्रथम भाग हर मतदाता द्वारा सामान्य जानकारी के साथ भरा जाता है। जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में मौजूद है, उन्हें फॉर्म के नीचे बाईं ओर का भाग भरना होता है। वहीं जिन मतदाताओं का नाम 2002 की सूची में नहीं है, वे अपने माता-पिता या दादा-दादी जैसे परिजन के 2002 की वोटर लिस्ट के विवरण को दाईं ओर अंकित करते हैं। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं होती, केवल नवीनतम फोटो लगाया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि 2002 की मतदाता सूची को निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन देखा जा सकता है और इसी सूची को गणना प्रक्रिया का आधार माना गया है।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा वह रहा, जब ईएलसी सदस्यों ने मतदाता जागरूकता गीत ‘मैं तो जाऊंगी पोलिंग बूथ, मतदान मेरा अधिकार है’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित छात्राओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया। इस प्रस्तुति ने पूरे माहौल में उत्साह, ऊर्जा और जागरूकता का समावेश कर दिया।
कार्यक्रम में ईएलसी कोऑर्डिनेटर अजय कुमार मीणा, सह प्रभारी डॉ. राकेश वर्मा, परमेश्वर जाट, सैयद इमरान अली, अपर्णा शर्मा, मोहिनी सांगवान, भावना शर्मा सहित स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान ने युवाओं को न केवल मतदान की प्रक्रिया से परिचित कराया, बल्कि उन्हें अपने अधिकार और जिम्मेदारी के प्रति सजग भी किया।
- एसआईआर गणना प्रपत्रSIR Form Baranबारां मतदान जागरूकताvoters eci gov inनिर्वाचन आयोग राजस्थानबारां जिला निर्वाचन अधिकारीस्वीप कार्यक्रम बारांराजकीय कन्या महाविद्यालय बारां2002 मतदाता सूचीBLO सत्यापनविश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवसमतदान जागरूकता अभियानAmit Bhargav BaranELC Baran ProgrammeRajasthan Election Awareness

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
