निवाई धानमंडी विवाद: कार्रवाई नहीं होने से भड़का किन्नर समाज, जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
टोंक जिले के निवाई धानमंडी में दीपावली पर किन्नरों के दो गुटों में हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई नहीं होने से किन्नर समाज में आक्रोश फैल गया है। सोमवार को दर्जनों किन्नरों ने जिला कलेक्टर और एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

टोंक। टोंक जिले के निवाई धानमंडी क्षेत्र में दीपावली के दिन बधाई लेने को लेकर दो किन्नर गुटों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। घटना के लगभग तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से किन्नर समाज में आक्रोश गहराता जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे दर्जनों किन्नरों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर न्याय की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को निवाई की धानमंडी में बधाई लेने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इस घटना में कई किन्नर घायल भी हुए थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
आक्रोशित किन्नरों ने सोमवार को जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता से समाज में असंतोष बढ़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि मारपीट की घटना में शामिल मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
किन्नर समाज से जुड़े प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में जिलेभर में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यक्तिगत विवाद का नहीं, बल्कि किन्नर समाज की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा है, जिसे लेकर वे किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं।
प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि किन्नर समाज की इस मांग पर प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
