झालावाड़ जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्यामपुरा में आयोजित रात्रि कालीन शिक्षा चौपाल ग्रामवासियों, शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों के लिए संवाद और समाधान का अनूठा मंच बनी। इस चौपाल में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी जमीनी चुनौतियों और सुधार के उपायों पर सार्थक चर्चा हुई, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की नई दिशा तय होती दिखी।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षण संस्थान के संयुक्त निदेशक रणवीर सिंह चौधरी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र सोनी, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कल्याण वर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) सीताराम मीणा, कार्यक्रम अधिकारी राजेश मेहरा, प्रधानाचार्य आशा सुय्यन तथा उप प्रधानाचार्य रामकिशन नागर सहित झूमकी क्षेत्र के सभी संस्था प्रधान एवं अध्यापक उपस्थित रहे।

शिक्षा चौपाल में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामवासी, एसडीएमसी सदस्य और विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने मिलकर विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता की कमी, अधूरी सुविधाएँ और आवश्यक सुधारों पर खुलकर विचार-विमर्श किया। ग्रामवासियों ने अधिकारियों के समक्ष अध्यापकों की कमी और विद्यालय मार्ग पर सड़क निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया।

मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र सोनी ने विद्यालय में दो नए अध्यापक शीघ्र नियुक्त करने का आश्वासन दिया। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से विद्यालय मार्ग हेतु सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्णय लिया गया। इस पहल से ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी।

संयुक्त निदेशक रणवीर सिंह चौधरी ने उपस्थितजनों को स्मार्ट क्लास की महत्ता और इसके लाभों से अवगत कराया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने विभाग की विभिन्न छात्र कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

चौपाल के दौरान विद्यालय परिसर में गार्डन विकसित करने की घोषणा की गई, जिसके लिए शारीरिक शिक्षक देवीलाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति उत्साह का माहौल बना।

ग्राम पंचायत की सरपंच सजनबाई और कन्हैयालाल नागर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और रात्रि चौपाल के पश्चात सहभोज का आयोजन किया गया, जिसने सामुदायिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

श्यामपुरा की यह रात्रि शिक्षा चौपाल न केवल शिक्षा सुधार की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुई, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद की एक नई मिसाल भी बनी।

Updated On
Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story