जवाजा। कस्बे में चल रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। श्री यादें बिल्डिंग मटेरियल के सामने हाल ही में बनाए गए ड्रेनेज ढक्कन का अचानक टूट जाना, बच्चों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरे की घंटी बन गया है। निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है।

स्थानीय निवासी प्रकाश प्रजापत ने बताया कि उक्त स्थान पर प्रतिदिन एक निजी स्कूल की बस रुकती है, जिसमें लगभग 20 बच्चे सवार होते हैं। टूटे ढक्कन के कारण खुला ड्रेनेज बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर रहा है। किसी भी समय कोई बच्चा या राहगीर इसमें गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार की अस्थायी घेराबंदी की गई है। स्कूल समय में बच्चों की भीड़ के चलते खतरा और बढ़ जाता है, इसके बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि ड्रेनेज निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और श्री यादें बिल्डिंग मटेरियल के सामने टूटे ढक्कन को तुरंत बदलकर निर्माण स्थल को सुरक्षित बनाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा टलना मुश्किल होगा।

यह घटना जवाजा में निर्माण कार्यों की निगरानी और सुरक्षा मानकों की पालना की अनिवार्यता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अधिकारियों के लिए यह चेतावनी है कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story