जयपुर, 1 नवंबर। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जयपुर के रोटरी भवन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 25 देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अंतर्राष्ट्रीय समता मंच और इंडो-नेपाल मंच द्वारा समाजसेवी श्रीमती मोनिका कठोतिया को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए ‘आयरन लेडी अवार्ड’ से विभूषित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, राजस्थान के पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य, और विधायक गोपाल शर्मा रहे, जिन्होंने मोनिका कठोतिया को साफा पहनाकर, शाल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में गूंजती तालियों के बीच जब मोनिका कठोतिया मंच पर पहुंचीं, तो पूरा सभागार सम्मान की भावना से भर उठा।


इस अवसर पर डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि श्रीमती मोनिका कठोतिया को यह सम्मान समाज में आपसी भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द और महिलाओं के शिक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। उनके प्रयासों ने समाज में समरसता और एकता की नई मिसाल कायम की है।


मंच के बोर्ड सलाहकार सदस्य पद्मश्री एन.के. पांडे ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय समता मंच की स्थापना लगभग 40 वर्ष पूर्व विश्व रत्न महावीर प्रसाद टोरडी ने नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री परमानंद झा के नेतृत्व में की थी। यह मंच तब से विश्व शांति और वैश्विक समरसता के लिए लगातार कार्यरत है।


कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि मोनिका कठोतिया को आगामी 28 से 29 दिसंबर को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती समारोह में आमंत्रित किया गया है, जहां नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति परमानंद झा स्वयं उनका अभिनंदन करेंगे।


यह सम्मान न केवल मोनिका कठोतिया के समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है, बल्कि यह उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो समाज परिवर्तन के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story