खंडार में विधिक सेवा योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सचल मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सवाई माधोपुर के खंडार क्षेत्र में विधिक सेवा योजनाओं के प्रचार के लिए सचल मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन तीन दिनों तक विभिन्न गांवों में जाकर कानूनी जागरूकता फैलाएगी और राष्ट्रीय लोक अदालत सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी।

सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के तत्वावधान में विधिक सहायता एवं सचल लोक अदालत मोबाइल वैन को मंगलवार को न्यायालय परिसर खंडार से विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट खंडार के रीडर रशीदुद्दीन खान ने हरी झंडी दिखाकर वैन को शुभारंभ किया।
यह सचल मोबाइल वैन तीन दिनों तक खंडार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर आमजन को विधिक जागरूकता से संबंधित जानकारी देगी। कार्यक्रम के तहत लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, राष्ट्रीय लोक अदालत, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, पोश एक्ट, बाल विवाह रोकथाम और आपसी राजीनामे के माध्यम से विवाद निस्तारण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
तालुका लिपिक गणपत सैनी ने बताया कि वैन 30 अक्टूबर को परसीपुरा, बरनावदा, बहरावंडा कलां, पीपलेट, चितोला, बांगड़दा, बालेर और कुरेड़ी गांवों में पहुंचेगी। 31 अक्टूबर को जयसिंहपुरा, ओण मीना, पादड़ी तोपखाना, पादड़ा बारदार, अनियाला, बड़वास और रामेश्वर गांवों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 1 नवंबर को वैन गणेश नगर, मेई खुर्द, मेई कलां, फरिया, बहरावंडा खुर्द, दौलतपुरा, 17 मिल और पाली तक जाएगी।
वैन के माध्यम से नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) और रालसा (राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में बताया जाएगा ताकि वे अपने लंबित मामलों को आपसी सुलह-सफाई से निपटा सकें। इसके साथ ही पोस्टर और पंपलेट्स के जरिए आमजन को विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता रमेशचंद्र तेहरिया, रविशंकर गर्ग, नागाराम मीणा, रमेशचंद्र गौतम सहित न्यायालय के कर्मचारीगण मौजूद रहे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक साक्षरता बढ़ाने और लोगों को न्यायिक प्रक्रियाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- सवाई माधोपुर विधिक सेवाखंडार मोबाइल वैनRajasthan Legal Service AuthorityNational Lok Adalat Awarenessविधिक सहायता कार्यक्रमकानूनी जागरूकता अभियानRajasthan Legal Aid VanLegal Awareness KhandarSwaimadhopur Legal CampNALSA SchemesRALSA Rajasthanपोश एक्ट जागरूकताबाल विवाह रोकथाम कार्यक्रमLegal Literacy CampaignKhandar Legal Awareness Drive

