दौसा। भजनलाल सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एक बार फिर सख्त एक्शन मोड में नजर आए। सोमवार देर रात उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ दौसा-भरतपुर जिले की सीमा पर स्थित महुआ क्षेत्र की दाऊजी मिल्क फूड प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पर अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई रात करीब 11:15 बजे शुरू हुई और तड़के 2:30 बजे तक चली।

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में घी, मावा और दूध उत्पादों के निर्माण में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में पाम ऑयल के ड्रम और संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद हुई, जिनका उपयोग दूध उत्पादों में मिलावट के लिए किया जा रहा था। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी उत्पादों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे और तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री को सील कर दिया गया।





डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने छापेमारी के दौरान सख्त लहजे में कहा कि यह केवल खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन नहीं, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य और नैतिक जिम्मेदारी के साथ किया गया घोर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दौसा के सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि देर रात हुई कार्रवाई में पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। सुबह विस्तृत सैंपलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की यह कार्रवाई भजनलाल सरकार के कार्यकाल में की गई कई बड़ी छापेमारियों की कड़ी में एक और अहम कदम है। इससे पहले भी उन्होंने विभिन्न जिलों में मिल्क, बीज और खाद्य उत्पाद निर्माण इकाइयों पर छापे मारकर मिलावटखोरी और अवैध उत्पादन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

देर रात तक चली यह कार्रवाई न केवल प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण बनी, बल्कि इसने यह भी साफ कर दिया कि सरकार आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story