अमन, मोहब्बत और इंसानियत की रूहानी ख़ुशबू से सराबोर अजमेर शरीफ़ एक बार फिर ख़्वाजा-ए-हिंद, सुल्तानुल औलिया हज़रत ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती ग़रीब नवाज़ (रह.) के 814वें उर्स मुबारक के अवसर पर सूफ़ियाना रंग में रंगा नज़र आया। इस पाक मौके पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से परंपरानुसार अकीदत, एहतराम और रूहानी जज़्बे के साथ ख़्वाजा साहब की दरगाह पर चादर पेश की गई।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का प्रतिनिधिमंडल डॉ. इमरान चौधरी की क़ियादत में दिल्ली से अजमेर शरीफ़ पहुँचा। यह चादर दिल्ली में वरिष्ठ संघ प्रचारक एवं मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार द्वारा मंच के वफ़्द के हवाले की गई थी। चादर को सज्जादानशीन जनाब दौलत अली चिश्ती के माध्यम से ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) की पाक बारगाह में पूरे अदब और एहतराम के साथ पेश किया गया।

इस अवसर पर डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि अजमेर शरीफ़ की दरगाह केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत के लिए अमन, भाईचारे और मोहब्बत का मरकज़ है। ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) का जीवन और शिक्षाएं आज भी समाज को जोड़ने की प्रेरणा देती हैं। उनका सूफ़ियाना दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘अल-ख़लक़ उल-अयालुल्लाह’ की भावना से पूर्णतः मेल खाता है, जो समस्त मानवता को एक परिवार के रूप में देखने का संदेश देता है।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक अबू बकर नक़वी ने कहा कि ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) ने अपने अमल से यह सिद्ध किया कि इंसान की पहचान उसके मज़हब या नाम से नहीं, बल्कि उसके चरित्र और कर्म से होती है। आज जब दुनिया नफ़रत, विभाजन और संघर्ष के दौर से गुजर रही है, तब ख़्वाजा साहब का पैग़ाम सब्र, सहिष्णुता और आपसी भाईचारे की ओर मार्गदर्शन करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चादर पेश करना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि सूफ़ी संत के पैग़ाम-ए-इंसानियत को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प है।

डॉ. इमरान चौधरी ने मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार का संदेश पढ़ते हुए कहा कि ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) ने हिंदुस्तान की धरती पर मोहब्बत और ख़िदमत की जो लौ जलाई, वह सदियों बाद भी उतनी ही प्रखर है। सूफ़िया-ए-किराम ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है, तोड़ने का नहीं, और यही भारत की साझी विरासत की आत्मा है।

ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) का सूफ़ियाना पैग़ाम “मोहब्बत सबके लिए, अदावत किसी से नहीं” आज भी उतना ही प्रासंगिक है। भूखों को भोजन, बेसहारों को सहारा और टूटे दिलों में उम्मीद जगाना उनकी शिक्षाओं का मूल आधार रहा है। उनकी दरगाह आज भी हर मज़हब, हर तबक़े और हर देश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अमन और सुकून का केंद्र बनी हुई है।

उर्स के इस मुबारक अवसर पर राजस्थान के जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर सहित विभिन्न जिलों से सामाजिक कार्यकर्ता, विद्वान और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे। फैज़ ख़ान ने कहा कि ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ (रह.) का सूफ़ियाना पैग़ाम आज के दौर में केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुका है, जो गंगा-जमुनी तहज़ीब और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करता है।

कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प दोहराया गया कि ख़्वाजा साहब के अमन, मोहब्बत और इंसानियत के पैग़ाम को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के हर कोने तक पहुँचाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Next Story