सलूम्बर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हाल ही में घोषित किए गए जिलाध्यक्षों के पदभार ग्रहण के बाद उदयपुर देहात के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा और सलूम्बर के जिलाध्यक्ष तथा पीसीसी सदस्य परमानन्द मेहता के प्रथम सलूम्बर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार और ऐतिहासिक स्वागत किया। शहर की मुख्य सड़कों पर ढोल-नगाड़ों की थाप, पुष्प वर्षा और जयकारों के बीच हुआ यह स्वागत कार्यक्रम कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में ऊर्जा और नए उत्साह का संकेत माना जा रहा है।

गुरुवार दोपहर उदयपुर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर दोनों नेताओं का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। इसके बाद मीणा और मेहता डोल-नगाड़ों के साथ विशाल जुलूस में गांधी चौक स्थित बड़ा गणपति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान गणपति को माला अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं गांधी चौक में स्थापित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जुलूस लिंक रोड, बस स्टैंड और बाजार मार्गों से होता हुआ डाक बंगला पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर दोनों जिलाध्यक्षों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण एकजुटता और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले चुनावों में जो भी भूलें हुईं, उन्हें दोहराया नहीं जाएगा। मीणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान सलूम्बर जिले में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए थे, जिन्हें आगे भी गति देने की आवश्यकता है।

अपने संबोधन में सलूम्बर जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता ने कहा कि संगठन के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी को समाप्त कर कांग्रेस को मजबूत बनाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्कूल के दिनों से लेकर सरपंच पद तक और अब जिलाध्यक्ष पद तक, उनका और मीणा का साथ निरंतर बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि यह मित्रता आगे भी संगठन की मजबूती में योगदान देगी। मेहता ने कहा कि उपचुनाव में पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार के लिए उन्होंने पूरी निष्ठा से मेहनत की थी और भविष्य में भी कांग्रेस के झंडे और विचारधारा के साथ ही कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व उपजिला प्रमुख लक्ष्मीनारायण पंड्या, पीसीसी सदस्य जगजितेन्द्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, सराड़ा प्रधान बंसतीदेवी, सलूम्बर प्रधान गंगादेवी, झल्लारा प्रधान धुलीराम, नगर अध्यक्ष सुनील सेवक, बौम सदस्य जगदीश भंडारी, सभापति प्रद्युम्न कोड़िया, उपसभापति अब्दुल रऊफ खान सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सलूम्बर आने पर कई संगठनों ने भी दोनों जिलाध्यक्षों का स्वागत किया, जिनमें सलूम्बर जिला बनाओ संघर्ष समिति, बोहरा समुदाय, एनएसयूआई, सेवादल और मेहता एसोसिएट शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान उमड़ी भीड़ और सक्रिय भागीदारी ने यह साबित किया कि कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है तथा नेतृत्व परिवर्तन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का नया प्रवाह दिखाई दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story