तालाबपाड़ा बारां में पुलिस का बड़ा एक्शन: मकान पर छापा, 30 ग्राम स्मैक, 47 ग्राम टांका पाउडर और 1875 ऐविल इंजेक्शन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
बारां पुलिस ने विशेष ऑपरेशन “नशा-विनाश” के तहत तालाबपाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहम्मद हुसैन उर्फ हुसैन बच्चा के मकान से 30 ग्राम स्मैक, 47 ग्राम टांका पाउडर, 1875 ऐविल इंजेक्शन और 32,265 रुपये जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस मादक पदार्थ नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।

बारां, 3 नवम्बर।
जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन “नशा-विनाश” के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तालाबपाड़ा क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में स्मैक, टांका पाउडर और ऐविल इंजेक्शन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तालाबपाड़ा निवासी मोहम्मद हुसैन उर्फ हुसैन बच्चा अपने मकान में अवैध रूप से स्मैक और स्मैक में मिलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ऐविल इंजेक्शन बेच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन और वृताधिकारी ओमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थानाधिकारी योगेश चौहान मय जिला विशेष टीम व पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे और एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक, 47 ग्राम टांका पाउडर, 32,265 रुपये नगद तथा मकान में रखे पांच कार्टूनों में भरे 1875 ऐविल इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ हुसैन बच्चा (52) पुत्र महमूद भाई, निवासी तालाबपाड़ा बारां को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सभी वस्तुएं और नगदी जब्त कर ली गई हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और इंजेक्शन कहां से लाए गए और किन-किन लोगों को सप्लाई किए जा रहे थे।
एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान “नशा-विनाश” के तहत सघन कार्रवाई जारी है। पुलिस टीमें मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं। इस सफलता को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
