बारां। आगामी विधानसभा उपचुनाव अन्ता के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा-विनाश” और “शस्त्र प्रहार” के तहत बारां जिले की छबड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने प्रभावी आसूचना तंत्र और सतर्क गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 193 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम, एक पिस्टल मय एक जिंदा कारतूस, एक लाख पांच सौ रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंडासु ने बताया कि चुनावी अवधि में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में ऑपरेशन नशा-विनाश और ऑपरेशन शस्त्र प्रहार के तहत कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और वृताधिकारी विकास कुमार के निर्देशन में थाना छबड़ा प्रभारी राजेश कुमार खटाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम सोमवार देर शाम गश्त के दौरान कस्बा छबड़ा से रीछड़ा मार्ग पर थी, तभी एक मोटरसाइकिल चालक पुलिस जीप देखकर अचानक दिशा बदलकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे मौके पर डिटेन किया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश पुत्र कोजाराम जाट (निवासी मेहरामनगर, जोधपुर ग्रामीण, हाल साई बिल्डकॉन क्रेशन बापचा, बारां) बताया। तलाशी में उसके पजामे की जेब से 9.93 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने अफीम और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 व 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पूछताछ में आरोपी मुकेश ने खुलासा किया कि उसने यह अफीम रामस्वरूप मीणा निवासी बावड़ीखेड़ा ढाबा वाले से खरीदी थी, जिसके पास और भी मादक पदार्थ होने की संभावना जताई। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल रामस्वरूप मीणा के ढाबे और मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक व्यक्ति खिड़की से भागने की कोशिश करता मिला, जिसे पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश पुत्र त्रिलोकचंद नाई (निवासी कोहनी, थाना कवाई, जिला बारां) बताया। उसके हाथ में रखे थैले की तलाशी में 183 ग्राम अफीम, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक लाख पांच सौ रुपये नकद बरामद किए गए।

छबड़ा थाना पुलिस ने आरोपी सुरेश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 (1-बी) (ए) (आई) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।

गौरतलब है कि ऑपरेशन नशा-विनाश के तहत अब तक 97 किलोग्राम डोडा चूरा, 24.433 किलोग्राम गांजा, 30 ग्राम स्मैक, 47 ग्राम टांका, 1875 एविल इंजेक्शन और 193 ग्राम अफीम जब्त की जा चुकी है, वहीं ऑपरेशन शस्त्र प्रहार में अब तक पांच देशी कट्टे, तीन पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई न केवल जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की कड़ी निगरानी को दर्शाती है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए बारां पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story