अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: दो देशी पिस्तौल सहित दो युवक गिरफ्तार
बारां पुलिस ने विधानसभा उपचुनाव से पहले अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को दो देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। ऑपरेशन ‘शस्त्र प्रहार’ के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस की विशेष टीम ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने का सख्त संदेश दिया है।

राजेंद्र शर्मा, बारां।
आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बारां पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस ने ऑपरेशन “शस्त्र प्रहार” के तहत दो युवकों को अवैध देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के दौरान शहर कोतवाली पुलिस ने बारां निवासी अरबाज अली पुत्र असगर अहमद (20) निवासी नयापुरा और शाहिद अहमद पुत्र गुलजार (24) निवासी श्रमिक कॉलोनी को धर दबोचा। दोनों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस ने यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में की, जहां दोनों संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी एवं पुलिस उप अधीक्षक ओमेंद्र सिंह शेखावत ने किया, जबकि ऑपरेशन को अंजाम देने में शहर कोतवाल योगेश चौहान, साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा, एएसआई जमनालाल, कैलाश चंद, हेड कांस्टेबल हरीश भाटी, अमरचंद, पवन कुमार, कांस्टेबल फरमान, कन्हैयालाल, महावीर और सुरेश की भूमिका अहम रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आगामी उपचुनाव को देखते हुए जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अवैध हथियारों, मादक पदार्थों, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि बारां पुलिस आगामी चुनावों से पहले जिले में शांति और सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
