कोटा। ऋद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर परिसर में चल रहे 151 मंडलीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं अष्टाह्निका महापर्व के अंतर्गत शनिवार को श्रद्धा और वैराग्य से ओतप्रोत दिव्य आयोजन हुआ। भगवान नेमीनाथ की वैराग्य कथा का नाट्य रूपांतरण, भव्य शोभायात्रा और महाआरती ने श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक भावों से भर दिया।

गणिनी आर्यिका श्री 105 विभाश्री माताजी एवं आर्यिका श्री 105 विनयश्री माताजी (ससंघ) के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बारह पिच्छीधारी आर्यिकाओं का भी पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। मंदिर परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और वातावरण में गूंजते जयघोषों ने पूरे नगर को धर्ममय बना दिया।

मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा ने बताया कि सकल दिगंबर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में सहभागिता की। यह शोभायात्रा पदम चंद बनेठा के निवास से प्रारंभ होकर हाउसिंग बोर्ड रोड, कमला उद्यान चौराहा, एग्जॉटिका गार्डन मार्ग होते हुए विधान पांडाल तक पहुंची, जहां भगवान नेमीनाथ का मंगल अभिषेक और महाआरती संपन्न हुई।

शोभायात्रा से पूर्व भगवान नेमीनाथ के जीवन प्रसंगों पर आधारित वैराग्य कथा का नाट्य मंचन किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यह प्रस्तुति न केवल भक्ति का प्रतीक बनी, बल्कि वैराग्य के आदर्श संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाया।

मंत्री पंकज खटोड ने जानकारी दी कि पादप्रक्षालन का सौभाग्य श्री पदम, कमलेश, कैलाश ठग परिवार को प्राप्त हुआ, वहीं महाआरती का लाभ पदम चंद-सीता देवी, विनोद-श्रद्धा देवी, प्रीति-प्रिनल, अंकित-निकिता (बनेठा परिवार), लक्ष्मण विहार, कुन्हाड़ी, कोटा ने ग्रहण किया।

अष्टाह्निका महापर्व और सिद्धचक्र महामंडल विधान के इस आयोजन ने ऋद्धि-सिद्धि नगर में अध्यात्म, भक्ति और वैराग्य का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। नाट्य मंचन, शोभायात्रा और आरती की भव्यता ने इस पर्व को अविस्मरणीय बना दिया और उपस्थित जनसमूह को धर्म के प्रति गहरी श्रद्धा से भर दिया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story