जैसलमेर। ऐतिहासिक स्वर्णनगरी जैसलमेर से दिल्ली शकूर बस्ती के लिए नई रेल सेवा ‘स्वर्णनगरी एक्सप्रेस’ का आज भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल सहित कई वरिष्ठ राजनेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेल मंत्री ने यात्रियों और जनप्रतिनिधियों की सहमति से इस नई ट्रेन का नाम ‘स्वर्णनगरी एक्सप्रेस’ घोषित किया। यह ट्रेन 1 दिसंबर से नियमित रूप से परिचालन में आएगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उद्घाटन समारोह में कहा कि राजस्थान-पाकिस्तान बॉर्डर के संवेदनशील क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी की जा रही है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि अनूपगढ़, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और भीलड़ी तक नई रेलवे लाइन बिछाने की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसे आने वाले महीनों में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में वर्तमान में लगभग 55 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। राज्य के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण प्रगति पर है, जिसमें जैसलमेर स्टेशन का विकास कार्य भी एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जैसलमेर–जोधपुर रेल लाइन को अपग्रेड करने की भी घोषणा की गई।

शुभारंभ समारोह के दौरान रेल मंत्री ने ‘वन स्टेशन–वन प्रोडक्ट’ स्टॉल से जैसलमेर के प्रसिद्ध पत्थर का प्याला खरीदकर स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, विधायक छोटूसिंह भाटी, महंत प्रतापपुरी, पब्बाराम विश्नोई, जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा और अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

स्वर्णनगरी एक्सप्रेस के संचालन से न केवल जैसलमेर और दिल्ली के बीच यात्रा आसान होगी, बल्कि राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। यह पहल राज्य में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और सुरक्षा-संवेदनशील क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Next Story