लाडनूं में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 14 वाहनों के चालान काटे
उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ के निर्देशन में राजस्व और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने क्रेशर क्षेत्रों में जांच कर 1.83 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया।

तस्वीर में उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ, तहसीलदार अनिरुद्ध देव पाण्डेय और परिवहन विभाग के अधिकारी क्रेशर क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान के दौरान मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
अवैध खनिज परिवहन और परिवहन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लाडनूं उपखण्ड प्रशासन ने ग्राम तंवरा और लोडसर स्थित क्रेशर क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ के निर्देशन में राजस्व विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाते हुए कुल 14 वाहनों के चालान बनाए तथा 1 लाख 83 हजार 900 रुपये की जुर्माना एवं कर देयता निर्धारित की।
जांच के दौरान एक वाहन ओवरलोडिंग करते हुए पाया गया। वहीं 12 वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अपूर्ण या अनुपलब्ध मिले अथवा वे बिना नंबर प्लेट के संचालित होते पाए गए। इसके अलावा एक वाहन बिना कर जमा किए संचालित होने पर उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
संयुक्त अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में कुल 83 हजार 900 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त एक लोडर वाहन पर लगभग 1 लाख रुपये की कर देयता निर्धारित की गई। इस प्रकार कुल 1 लाख 83 हजार 900 रुपये की जुर्माना एवं कर देयता तय की गई।
उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने कहा कि अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध दस्तावेज और बिना कर के वाहनों का संचालन नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में राजस्व विभाग और परिवहन विभाग की ओर से समय-समय पर संयुक्त जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन संचालकों और संबंधित व्यक्तियों को परिवहन संबंधी सभी नियमों की पालना करने तथा वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने की हिदायत दी।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ, तहसीलदार अनिरुद्ध देव पाण्डेय, परिवहन विभाग के करणाराम, संबंधित पटवारी तथा राजस्व एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनिज परिवहन और परिवहन नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Jagdish Saini, Nagaur
नाम: जगदीश यायावर सैनी
वर्तमान पद: संपादक (कलम कला) एवं संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: लाडनूं, जिला- डीडवाना-कुचामन एवं नागौर (राजस्थान)
अनुभव: पत्रकारिता के क्षेत्र में 51 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विषय (खेल जगत को छोड़कर)
अनुभव और विशेषज्ञता
जगदीश यायावर सैनी पिछले 51 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
- अपने इस लंबे करियर में उन्होंने विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में कार्यालय संवाददाता, उप संपादक, समाचार संपादक और सह संपादक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
- उन्होंने 'दैनिक भास्कर' में 20 वर्षों तक नियमित रिपोर्टिंग की है।
- वर्तमान में वह 'कलम कला' के संपादक हैं और हाल ही में 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हैं।
- खेल जगत को छोड़कर, उनकी अपराध जगत, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों की खबरों पर मजबूत पकड़ है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduation) एवं अन्य उच्च शिक्षा।
