कोटा। नीट में मिले स्कोर और रैंक के आधार पर कौनसा सरकारी या निजी मेडिकल कॉलेज मिल सकता है, एमबीबीएस में सीट नहीं मिलने पर कौनसे विकल्प बेहतर रहेंगे और विदेश से एमबीबीएस करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है—इन सवालों के जवाब विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक ही जगह पर मिल रहे हैं। मोशन एजुकेशन और क्लिकएजु की ओर से दक्ष कैम्पस में आयोजित नि:शुल्क करियर काउंसलिंग फेयर ‘मेडीक्लिक’ में मेडिकल एजुकेशन से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विशेषज्ञ काउंसलर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। फेयर का समापन रविवार को होगा।

मोशन एजुकेशन के फाउंडर एवं एजुकेटर नितिन विजय ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यार्थी फेयर में काउंसलिंग ले सकेंगे। यहां नि:शुल्क करियर काउंसलिंग के साथ प्रोसेसिंग सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यार्थी अनुभवी काउंसलर्स से सीधे संवाद कर अपनी रैंक, स्कोर और करियर विकल्पों से जुड़े सवालों के जवाब पा रहे हैं।

फेयर का उद्घाटन नीट डिवीजन के हेड अमित वर्मा और अन्य सीनियर फेकल्टीज ने किया। उन्होंने बताया कि नीट रिजल्ट के बाद विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने स्कोर और रैंक के आधार पर सही कॉलेज और कोर्स का चयन करना है। मेडीक्लिक में विद्यार्थियों को नीट काउंसलिंग और कॉलेज प्रेडिक्टर के माध्यम से सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। काउंसलर्स विद्यार्थियों की रैंक, कैटेगरी और उपलब्ध विकल्पों के आधार पर कॉलेज चयन की प्रक्रिया समझा रहे हैं।

एमबीबीएस के अलावा बीडीएस, बीएएमएस और बीएचएमएस जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश की संभावनाओं और करियर विकल्पों की भी जानकारी दी जा रही है। इनमें फिजियोथेरेपी, नर्सिंग, फार्मेसी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, मेडिकल कोडिंग और विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा बायोटेक्नोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी जैसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा, प्रवेश प्रक्रिया और करियर की संभावनाओं पर भी विद्यार्थियों को जानकारी मिल रही है।

नीट स्कोर और रैंक के बाद मेडिकल कॉलेज एवं पाठ्यक्रम के चयन को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने मौजूद असमंजस को दूर करने के लिए आयोजित यह फेयर मेडिकल एजुकेशन से जुड़े सरकारी, निजी और वैकल्पिक पाठ्यक्रमों की संभावनाओं को एक साथ समझने का अवसर उपलब्ध करा रहा है। रविवार को होने वाले समापन दिवस पर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यार्थी नि:शुल्क काउंसलिंग और प्रोसेसिंग सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story