जैसलमेर: जवाहर अस्पताल में लूपिन फाउंडेशन ने शुरू किया हाईटेक NCD रूम
एसडीएम सक्षम गोयल ने आधुनिक जांच उपकरणों का उद्घाटन किया, दमा और डायबिटीज के मरीजों को अब अस्पताल में मिलेगी त्वरित और सटीक इलाज की सुविधा।

जैसलमेर के राजकीय जवाहर अस्पताल में नवनिर्मित NCD रूम का उद्घाटन करते एसडीएम सक्षम गोयल, साथ में सीएमएचओ डॉ. राजेन्द्र पालीवाल और पीएमओ डॉ. रविन्द्र सांखला।
जैसलमेर के राजकीय जवाहर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। लूपिन फाउंडेशन ने यहां NCD ROOM का निर्माण करवाकर अस्पताल को समर्पित किया है। साथ ही हाईटेक जांच कक्ष और आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मरीजों को अब बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
एसडीएम सक्षम गोयल ने किया उद्घाटन
सीमावर्ती जिले जैसलमेर के राजकीय जवाहर अस्पताल में लूपिन फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए NCD ROOM का उद्घाटन एसडीएम सक्षम गोयल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सीएमएचओ राजेन्द्र पालीवाल, पीएमओ रविन्द्र सांखला सहित अस्पताल प्रशासन और फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। फाउंडेशन की ओर से अस्पताल को ईसीजी मशीन, कंप्यूटर सहित कई आधुनिक जांच उपकरण सौंपे गए हैं। साथ ही जांच कक्ष को पूरी तरह हाईटेक बनाकर तैयार किया गया है, जिससे मरीजों को तेज और सटीक जांच सुविधा मिल सकेगी।
सामाजिक जिम्मेदारी और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं
लूपिन फाउंडेशन के डॉ. नचिकेत सुले ने बताया कि "संस्था अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। दमा, अस्थमा, डायबिटीज जैसी बीमारियों की जांच के लिए नवीनतम उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जो मरीजों के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगे।" जैसलमेर जैसे पिछड़े क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि नए उपकरणों और सुविधाओं से अस्पताल की सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
