जैसलमेर: जवाहिर अस्पताल में संसाधनों की कमी से बुजुर्ग महिला की मौत
भू गांव की सीतादेवी को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल लाया गया था, परिजनों का आरोप है कि नेब्यूलाइज़र मशीन न होने से उन्हें समय पर इलाज नहीं मिला।

जैसलमेर के जवाहिर चिकित्सालय का वार्ड जहां मंगलवार को उचित उपचार और संसाधनों के अभाव में एक बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया।
जैसलमेर के जवाहिर चिकित्सालय में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां संसाधनों के अभाव के चलते एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला जैसलमेर जिले के भू गांव का है, जहां 65 वर्षीय सीतादेवी पत्नी हरजीत सिंह को मंगलवार सुबह अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ने पर घबराए परिजन उन्हें तुरंत डॉक्टर सताराम के क्वार्टर लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद महिला को जवाहिर अस्पताल में भर्ती करने की लिखित सलाह दी।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी मरीज को समय पर जरूरी उपचार नहीं मिल पाया। सांस की गंभीर समस्या के बावजूद अस्पताल में नेब्यूलाइज़र मशीन उपलब्ध नहीं थी। समय पर इलाज नहीं मिलने से महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
मृतका के पौते गोपाल सिंह ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर अस्पताल में बुनियादी सुविधाएं होतीं, तो उनकी दादी की जान बच सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उजागर कर दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि जब अस्पतालों में जरूरी उपकरण ही उपलब्ध नहीं हैं, तो मरीजों को समय पर जीवनरक्षक इलाज कैसे मिलेगा? प्रशासन से इस मामले में त्वरित जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
