प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जैसलमेर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क विस्तार एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में दिखी एकजुटता

बैठक में सांसद, विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, पंचायतीराज एवं निकाय के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर अपने विचार व्यक्त किए।

जिलाध्यक्ष का संकल्प

जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने अपने संबोधन में कहा कि “कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मूल्यों की पक्षधर रही है।” वर्तमान परिस्थितियों में संगठन को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि आमजन की आवाज को प्रभावी रूप से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी और गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंच बनानी होगी।

आगामी कार्ययोजना और जिम्मेदारी

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा प्रत्येक ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की गई। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।

लोकतंत्र की रक्षा का प्रण

वक्ताओं ने कहा कि “मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा से लोकतंत्र की रक्षा के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।” सभी उपस्थित साथियों ने संकल्प लिया कि वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे। अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सभी के सामूहिक प्रयासों से जिले में यह अभियान ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।”

इस बैठक पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, पूर्व चेयरमेन सुमार खान, सेवादल के मानाराम, राधेश्याम कल्ला, रेखा जोशी, कंचन बरासा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story