जनबल और धनबल की जंग में जनता भाजपा के साथ: वसुन्धरा राजे
बारां में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने अन्ता उपचुनाव को जनबल बनाम धनबल की जंग बताया। उन्होंने कहा कि जनता की ताकत भाजपा प्रत्याशी के साथ है और यही जीत की कुंजी बनेगी। राजे ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर भाजपा की जीत पर भरोसा जताया।

बारां। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता श्रीमती वसुन्धरा राजे ने मंगलवार को कहा कि अन्ता विधानसभा उपचुनाव जनबल और धनबल के बीच की लड़ाई है, जिसमें जनबल अर्थात जनता की ताकत भाजपा प्रत्याशी के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “जनबल जीतेगा और धनबल हारेगा।”
बारां में मीडिया से बातचीत के दौरान राजे ने कहा कि भाजपा ने हमेशा जनता की भावना के अनुरूप निर्णय लिए हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी ने इस बार भी स्थानीय उम्मीदवार को प्रत्याशी बनाया है, जिनकी पत्नी का पीहर मांगरोल है। राजे ने कहा, “हमारे प्रत्याशी न केवल इस क्षेत्र से हैं, बल्कि जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं। इसलिए मतदाताओं पर उनका स्वाभाविक अधिकार है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल भाजपा प्रत्याशी का नहीं, बल्कि अन्ता की जनता का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की जीत ही अन्ता विधानसभा क्षेत्र की जीत होगी। राजे ने जोड़ा कि इस बार जनता को एक वोट के माध्यम से तीन जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा—भाजपा प्रत्याशी, वे स्वयं और सांसद दुष्यंत सिंह, जो क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
राजे ने कहा कि विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है और प्रदेश की जनता इसका प्रत्यक्ष अनुभव कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से अन्ता विधानसभा क्षेत्र में भी विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है।
चर्चा के बाद वसुन्धरा राजे सीसवाली और अन्ता पहुँचीं, जहाँ उन्होंने सीसवाली मंडल और अन्ता शहर मंडल के बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस अवसर पर उनके साथ झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अन्ता की जनता का विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है और यह विश्वास ही उपचुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करेगा।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
