राजस्थान के गंगापुर सिटी से गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। मजदूरी करने आई एक महिला के साथ अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। अज्ञात व्यक्ति ने महिला के दोनों पैर काट दिए और करीब डेढ़ किलो वजन के चांदी के कड़े लूट लिए। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी।

पीड़िता की पहचान कमला देवी के रूप में हुई है, जो बामनवास के सितोड़ गांव की रहने वाली हैं और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का गुज़ारा करती हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, 5 अक्टूबर को कमला देवी को एक अज्ञात व्यक्ति ने स्थानीय कस्बे में ढूंढा और बताया कि उसके पास कई निर्माण कार्य चल रहे हैं और मजदूरों की आवश्यकता है। उसने कमला देवी और उनकी साथियों से फोन नंबर ले लिए।

8 अक्टूबर को वही अज्ञात व्यक्ति कमला देवी को गंगापुर सिटी मजदूरी के लिए बुलाने का फोन करता है। कमला देवी अपनी बहू सीमा और पड़ोसन मिट्टी के काम के लिए गंगापुर सिटी पहुंचती हैं। अपराधी ने अपनी शातिर योजना के तहत उन्हें बाईपास चौराहे पर अपनी मोटरसाइकिल से लेने का प्रबंध किया। इस दौरान उसने कमला देवी की बहू और पड़ोसन को बाइक पर बैठाकर उदेई मोड़ पर छोड़ दिया और कहा कि वह कमला देवी को लेने आ रहा है। इसके अलावा, उसने बहू का मोबाइल भी अपने पास रख लिया ताकि कोई संपर्क न कर सके।

बहू सीमा ने बताया कि काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी वह वापस नहीं आया, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत सदर थाना गंगापुर सिटी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

9 अक्टूबर की सुबह पुलिस को गंगापुर सिटी के पास गंगाजी की कोठी गांव के पास पेट्रोल पंप के पास गंभीर अवस्था में एक महिला मिली, जिसके दोनों पैर कटे हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि यह कमला देवी ही हैं। उन्हें तुरंत गंगापुर सिटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल करण सिंह मौके पर पहुंचे। तत्पश्चात वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। घटना के पांच घंटे के भीतर ही जांच टीम ने अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी राम अवतार, रामगढ़ का रहने वाला है, और इस वारदात में उसकी एक महिला सहयोगी भी शामिल थी। दोनों आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं।

इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों में डर और चिंता फैला दी है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story