बाड़मेर। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'विकसित राजस्थान रन-2026' में आज प्रशासन की एक ऐसी गंभीर लापरवाही सामने आई जिसने खिलाड़ियों की सेहत को खतरे में डाल दिया। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस गौरवमयी दौड़ को जिला कलेक्टर और अन्य उच्चाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, लेकिन आयोजन का समापन विवादों और आक्रोश के बीच हुआ। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (हाई स्कूल मैदान) में जब दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को जलपान के तौर पर केले और बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए, तो वहां हड़कंप मच गया।

सजग प्रतिभागियों ने जब पैकेट की जांच की तो 'पारले-जी' बिस्किट के पैकेट एक्सपायर हो चुके थे। इन बिस्किटों की मैन्युफैक्चरिंग डेट 9 अक्टूबर 2025 अंकित थी और उनकी वैधता यानी एक्सपायरी डेट 8 मार्च 2026 को ही समाप्त हो चुकी थी। विडंबना यह है कि प्रशासन ने एक सप्ताह पहले खराब हो चुकी खाद्य सामग्री का वितरण ठीक उस दिन किया, जब पूरा देश 'विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस' मना रहा है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और युवाओं द्वारा जमकर हंगामा किए जाने के बाद प्रशासन बचाव की मुद्रा में नजर आया। जिला जनसंपर्क अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि कुल वितरित किए गए लगभग 5000 पैकेटों में से मात्र एक कार्टन में एक्सपायर्ड बिस्किट थे और जानकारी मिलते ही वितरण रुकवा दिया गया। हालांकि, तब तक कई खिलाड़ी इन पैकेटों को ले चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी टीम को तुरंत वितरक के पास भेजकर जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर, आक्रोशित खिलाड़ियों का कहना है कि प्रशासन की इस चूक से किसी की भी तबीयत बिगड़ सकती थी, जो सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story