हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशन में हनुमानगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर्स के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। नवगठित एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और गोगामेड़ी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर रोहित स्वामी और वीरेंद्र चारण गिरोह से जुड़े छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, पांच मैगजीन और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस महत्वपूर्ण अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी लाल बहादुर चंद्र ने अपनी टीम के साथ किया। जानकारी के अनुसार, गोगामेड़ी थाना में तैनात कांस्टेबल मोनू को मुखबिर से सूचना मिली कि रोहित स्वामी, वीरेंद्र चारण और महेंद्र सहारण गिरोह का संबंध उज्जलवास गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर विकास उर्फ राजू उर्फ पवन उर्फ शूटर पुत्र निहाल सिंह से है, जो अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने डीएसटी टीम की मदद से रामगढ़ गांव के पास घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने मौके से 29 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर विकास उर्फ राजू उर्फ पवन उर्फ शूटर को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट, लूट और फिरौती जैसे करीब एक दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। साथ ही पुलिस ने राजेश पुत्र धर्मपाल जाट (22 वर्ष, चाहरवाला, सिरसा), राजूराम पुत्र किशनलाल जाट (22 वर्ष, जैतपुर, नोएडा), रूपेंद्र पुत्र पवन जाट (20 वर्ष, जैतपुर), पार्थ पुत्र भगवान सिंह राजपूत (20 वर्ष, जैतपुर) और मुकेश पुत्र हनुमान नायक (19 वर्ष, पूरबसर, पल्लू थाना) को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

गोगामेड़ी थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच का कार्य खुईया थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजपाल को सौंपा गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए बदमाशों को बिना किसी हताहत के गिरफ्तार किया।

इस पूरी कार्रवाई में गोगामेड़ी थाना प्रभारी लाल बहादुर चंद्र, एएसआई रतनलाल, हेड कांस्टेबल गजानंद, कांस्टेबल नरसी, सतवीर, विनोद, बाबूलाल, नारायण और राजेंद्र की भूमिका महत्वपूर्ण रही। साथ ही नवगठित एजीटीएफ टीम के डीएसपी रणवीर साईं, सीआई अजय गिरधर, सीआई जगदीश पांडर, एसआई शाह रसूल, कांस्टेबल हर्षवर्धन, सुरेंद्र भांभू, सुरेंद्र खीचड़, चालक कांस्टेबल राजेश चोयल, खुईया थाना प्रभारी एसआई राजपाल, पल्लू थाना प्रभारी एसआई विजेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रवीण तथा डीएसटी टीम के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

पुलिस ने कार्यवाही के बाद आरोपियों की पैदल परेड करवाई और शहर में जुलूस निकालकर जनता को अपराध के प्रति जागरूक किया।

जिला पुलिस ने युवाओं को संदेश दिया कि वे गन कल्चर से दूरी बनाएं, सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स को फॉलो, लाइक या कमेंट कर अप्रत्यक्ष समर्थन देने से बचें। पुलिस ने साफ कहा कि ऐसे अभियानों को भविष्य में और भी तेज़ गति से जारी रखा जाएगा।

Updated On
Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story