बारां/अटरू, 7 नवंबर।

केशव महाविद्यालय, अटरू में कोटा विश्वविद्यालय, कोटा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालय खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों की उपस्थिति ने खेल भावना और उत्साह का अद्भुत वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर बी.एल. वर्मा, कुलगुरु वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आनंद गर्ग, पूर्व जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, उपस्थित थे। समारोह की अध्यक्षता भारत माता शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, किशनगंज के निदेशक डॉ. मजीद मलिक ‘कमांडो’ ने की। मंच पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा राणावत, चेयरमैन प्रमोद दिलावर, निदेशक कृष्णमुरारी दिलावर, गोपी माधव सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आशीष दिलावर, श्रीमती जमना दिलावर, कॉमेडियन लवेश गुर्जर एवं विश्वविद्यालय के खेल पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की वंदना ‘वंदे मातरम’ और मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। उद्घाटन सत्र में प्रोफेसर बी.एल. वर्मा ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने खुला विश्वविद्यालय कोटा द्वारा बालिका शिक्षा के नि:शुल्क संचालन की जानकारी देते हुए छात्राओं को उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित किया।

पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद गर्ग ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की इस पहल की प्रशंसा की और ‘वंदे मातरम’ गीत की 150वीं वर्षगांठ पर प्रेरणादायी विचार साझा किए। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. मजीद मलिक ‘कमांडो’ ने अनुशासन को जीवन का मूल तत्व बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।

उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक परेड के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी। मंच से प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ ध्वजारोहण एवं खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर किया गया।

कोटा संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों की दस टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। पहले दिन खेले गए उद्घाटन मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय झालावाड़ और राजकीय महाविद्यालय तालेड़ा के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें तालेड़ा की टीम विजयी रही। वहीं, दूसरे मैच में राजकीय विज्ञान महाविद्यालय कोटा ने केशव बी.एड. कॉलेज अटरू को पराजित किया।

समारोह के अंत में चेयरमैन प्रमोद दिलावर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story