रां, 1 दिसंबर। भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित "यमुना यात्रा" ने माउंट आबू स्थित ब्रह्मकुमारी मानसरोवर आश्रम में भव्य स्वागत का अनुभव किया। यह यात्रा जोधपुर से प्रारंभ होकर 26 नवंबर को जयपुर से रवाना हुई थी और अब माउंट आबू पहुंचकर नए आयामों से देशवासियों को जोड़ रही है।

यात्रा में बारां जिले से शामिल भाजपा युवा नेता हेमंत मीणा रजपाली ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों की परंपराएं, भाषा, वेशभूषा और सांस्कृतिक विविधता देखने का अवसर मिला। यात्रा ने प्रतिभागियों को न केवल भौगोलिक और धार्मिक रीति-नीति का ज्ञान कराया, बल्कि अनेक स्थानों पर अभिनंदन और स्वागत से आत्मिक अनुभव भी प्रदान किया।

माउंट आबू में मानसरोवर आश्रम पहुँचने पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ सभी यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यहां सभी प्रतिभागियों ने रात्रि विश्राम किया। यात्रा के दूसरे दिन प्रातःकाल योगाभ्यास के साथ शुरू हुआ और इसके बाद युवा कार्यकर्ता आबू रोड स्थित बाजार में जनसंपर्क कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा के अनुरूप स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का संदेश भी प्रसारित किया।

यात्रा राजस्थान से गुजरात के पाटन स्थित गोकुल यूनिवर्सिटी तक विस्तारित हुई, जहां छात्रों के साथ संवाद कर सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला गया। इस यात्रा में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से भी युवा भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं, प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जिले से दो-दो युवा प्रतिनिधि यात्रा में सम्मिलित हुए हैं।

बारां जिले के युवा प्रतिनिधि हेमंत मीणा रजपाली ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार लगातार उनके संपर्क में हैं और यात्रा की प्रगति एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। यात्रा में राष्ट्रीय युवा मोर्चा प्रभारी विनीत त्यागी, राजस्थान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंकित चैची, राजस्थान यमुना प्रवाह के संयोजक जितेंद्र झा, सहसंयोजक भीमराज मीणा, गुजरात युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव पटेल और उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वरुण गुप्ता भी शामिल हैं।

भाजपा मीडिया विभाग, कोटा संभाग के सहसंयोजक राजेंद्र शर्मा के अनुसार, यह यात्रा राजस्थान से गुजरात स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल के स्टैचू ऑफ सर्कल तक जाकर समाप्त होगी, और इसके माध्यम से युवा शक्ति को देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जोड़ा जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story