सवाई माधोपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मिठाई प्रतिष्ठानों पर मिली खामियां
दीपावली से पहले सवाई माधोपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। मिठाई की दुकानों पर छापेमारी में मिली खराब किसमिस, अस्वच्छता और मिलावट के नमूने लिए गए। लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सवाई माधोपुर। दीपावली से पहले मिठाई बाजारों में मिलावट पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम एक्शन मोड में है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर चल रहे “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत सवाई माधोपुर में बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम की टीम ने शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया।
टीम सबसे पहले विनायक वाला स्वीट्स, सिटी सेंटर, रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, जहाँ निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई का स्तर असंतोषजनक पाया गया। टीम ने एक कार्टन में करीब 15 किलो खराब किसमिस बरामद की, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही, इमरती और मावा में मानक से अधिक खाद्य रंग होने के संदेह पर नमूने लिए गए। ये नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जांच के लिए लैब भेजे गए।
इसके बाद टीम जनता जोधपुर स्वीट्स के गोदाम पर पहुँची। यहाँ सफाई का स्तर संतोषजनक पाया गया, लेकिन उत्पादन इकाई पर खाद्य अनुज्ञा पत्र का डिस्प्ले नहीं था। टीम ने यहाँ से कलाकंद और रसगुल्ले के नमूने लिए और नियमों के उल्लंघन पर चेतावनी जारी की।
अभियान की अगली कार्रवाई बजरिया स्थित बृजवासी मिष्ठान भंडार पर हुई। यहाँ निरीक्षण में साफ-सफाई का स्तर बेहद खराब पाया गया। प्रतिष्ठान में न तो लाइसेंस मौजूद था और न ही उसका डिस्प्ले किया गया था। निरीक्षण के दौरान काउंटर फ्रिज में रखे मावे में मिलावट की आशंका पर उसका नमूना लिया गया।
सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम एवं विनियम 2011 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के सीजन में मिलावट पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और दोषी प्रतिष्ठानों पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
यह कार्रवाई न केवल उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए एक मजबूत कदम है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि प्रशासन दीपावली जैसे अवसरों पर जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
- खाद्य सुरक्षा विभाग सवाई माधोपुरमिलावट पर वार अभियानशुद्ध आहार अभियानमिठाई की जांचविनायक वाला स्वीट्सबृजवासी मिष्ठान भंडारजनता जोधपुर स्वीट्सदीपावली मिठाई जांचFood Safety Sawai MadhopurRajasthan Food Departmentadulteration drivefood inspection Rajasthansweets inspectionCMHO Sawai MadhopurT ShubhamangalaVed Prakash PauriyaNitesh GautamFood Lab Jaipur

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
