कोटा, 7 नवम्बर।

स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करते हुए कॅरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी (सीपीयू) कोटा में 11 नवम्बर से तीस दिवसीय उद्यमिता एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में दक्ष बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त करना है।

कार्यक्रम संयोजक रिचा गुलाटी ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले बीस दिन प्रतिभागियों को जेली, मुरब्बा, अचार, सिरका, सॉस तथा मसाला मिश्रण जैसे खाद्य उत्पादों के निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके बाद के दस दिन उद्यमिता विकास एवं व्यवसाय प्रबंधन पर केंद्रित रहेंगे, जिसमें प्रतिभागियों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 25 अभ्यर्थियों का चयन 10 नवम्बर को सीपीयू परिसर में साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये रखा गया है, जबकि महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, बीपीएल, दिव्यांग तथा भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

कार्यक्रम पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को सरकारी मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही, उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 50 लाख रुपये तक का व्यवसाय ऋण और 35 प्रतिशत तक की सरकारी सब्सिडी प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

कॅरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रमोद माहेश्वरी ने बताया कि यह पहल “सीखो और कमाओ” की भावना को साकार करती है। उनके अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार सृजन को भी गति देते हैं।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कोटा क्षेत्र में उद्यमिता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story