सवाई माधोपुर, 30 अक्टूबर। शिक्षा के क्षेत्र में जनसहभागिता की मिसाल पेश करते हुए ग्राम बंधा के ग्रामीणों ने एक अनुकरणीय पहल की है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में संचालित नवाचार “भविष्य की उड़ान” से प्रेरित होकर ग्रामवासियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंधा के विकास हेतु सामूहिक सहयोग की भावना के तहत 3 लाख 50 हजार रुपये की राशि एकत्र की। यह राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जिला कलक्टर काना राम को चेक के रूप में सौंपी गई।

इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा और एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। जिला कलक्टर काना राम ने ग्रामवासियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “बंधा ग्रामवासियों की यह पहल जिले के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। जब समाज और सरकार मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हैं, तब विकास की वास्तविक तस्वीर उभरती है।”

एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत 40 प्रतिशत जनसहयोग के अनुपात में राज्य सरकार 60 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में प्रदान करती है। इस प्रकार ग्रामवासियों द्वारा जमा की गई राशि के आधार पर विद्यालय को राज्य सरकार से अतिरिक्त 5 लाख 25 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त होगा।

कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने बताया कि कुल 8 लाख 75 हजार रुपये की यह राशि विद्यालय के भौतिक विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। इस अनुदान का उपयोग कक्षा-कक्षों और शौचालयों की मरम्मत, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था, विद्यालय परिसर के सौंदर्यकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुधार में किया जाएगा।

इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य मधु गोयल, कनिष्ठ सहायक मनराज मीना सहित कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामवासियों में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया। शिक्षा के प्रति ऐसी जनसहभागिता न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए उज्जवल भविष्य की नींव रखेगी।

Next Story