कोटा। हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जनसेवा की भावना को साकार करते हुए ईथॉस हॉस्पिटल में बुधवार को ‘दिल से दिल तक — जीवन, स्वास्थ्य और उम्मीद का उत्सव’ नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कार्डियक सर्जन डॉ. प्रमोद नागर के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में 132 हृदय रोगियों को निःशुल्क परामर्श प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रोगियों की बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल सहित आवश्यक जांचें भी बिना किसी शुल्क के की गईं। स्वास्थ्य वार्ता सत्र में वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. ईश्वर चंद मालव और डॉ. प्रमोद नागर ने उपस्थित लोगों को हृदय को स्वस्थ रखने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने हृदय रोगियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

ईथॉस हॉस्पिटल के निदेशक प्रदीप दाधीच ने कहा कि इस तरह के जनहितकारी शिविर न केवल लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि निःशुल्क परामर्श शिविरों के माध्यम से समाज की सेवा करना भी है।

सीईओ हर्ष दाधीच ने बताया कि ईथॉस हॉस्पिटल हाड़ौती क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, जिससे अब मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि अस्पताल की विशेषज्ञ टीम आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदना के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर कार्यरत है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित रोगियों ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की मांग की। ‘दिल से दिल तक’ कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम भी है।

Updated On
Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story