"लोकतंत्र का पर्व है, चलो सब मतदान करें" — इसी भावना के साथ बारां जिले के अंता स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर एवं सीईओ व नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में हुए इस आयोजन में नव मतदाताओं ने निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वीप सहप्रभारी अमित भार्गव ने प्रशिक्षणार्थियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता को किसी भी प्रलोभन या दबाव से मुक्त रहकर मतदान करना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिकतम मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हर वोट लोकतंत्र की शक्ति को सशक्त बनाता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आकर्षक रंगोली और मेहंदी के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। मेहंदी डिजाइनों में “सी-विजिल ऐप”, “11 नवंबर मतदान दिवस” और “निर्भीक होकर करें मतदान” जैसे संदेश अंकित कर उन्होंने लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।

अमित भार्गव ने उपस्थित युवाओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने समझाया कि यदि कोई मतदाता किसी प्रत्याशी को पसंद नहीं करता, तो वह "नोटा" विकल्प के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति दर्ज कर सकता है। साथ ही वीवीपैट पर्ची के माध्यम से मतदाता अपने वोट की पुष्टि कर सकता है।

इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षणार्थियों को निर्वाचन से जुड़ी चारों महत्वपूर्ण मोबाइल एप्स — वोटर हेल्पलाइन, सी-विजिल, केवाईसी और अन्य — डाउनलोड कर ऑनलाइन पंजीकरण, संशोधन, शिकायत और उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया सिखाई गई। सहायक निदेशक आशाराम मीणा ने सभी से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं पंजीकरण करें, बल्कि अपने परिचितों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करें।

जागरूकता कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर “11 नवंबर नोट करें, निर्भय होकर सब वोट करें” का उद्घोष किया, जिससे वातावरण मतदान के उत्साह से गूंज उठा। इस अवसर पर समूह अनुदेशक रामकुमार कच्छावा, कनिष्ठ अनुदेशक प्रतिमा शर्मा, सीताराम नायक, पुरुषोत्तम पोटर, सुरेश कुमार मालव, लेखराज नागर, विनोद मालव, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना रहा। यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाता है — और यही सच्चे नागरिक धर्म का परिचायक है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story