बरखेड़ा में कीचड़ और टूटे नाले देख भड़के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, अधिकारियों को मौके पर ही लगाई फटकार
दौसा के बरखेड़ा गांव में दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कीचड़ और टूटी नालियों को देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने इंटरलॉकिंग मार्ग के पुनर्निर्माण, नाला निर्माण सर्वे और ग्रामीणों को पट्टे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद आपूर्ति व एनीकट मरम्मत की समस्याओं पर भी त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए।

दौसा। बरखेड़ा गांव का दौरा करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जब सड़क पर पसरा कीचड़ और टूटी नालियों की दीवारें देखीं तो नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर ही अधिकारियों को बुला लिया। कुछ ही महीने पहले गांव में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण हुआ था, लेकिन लापरवाही के चलते सड़क के किनारे पक्के नहीं किए गए थे, जिससे बरसात के पानी ने रास्ते को कीचड़ में तब्दील कर दिया। मंत्री नागर ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां इंटरलॉकिंग धंस गई है, उसे तुरंत उखाड़कर दोबारा सही तरीके से बनाया जाए। साथ ही बाढ़ के पानी के निकास के लिए नाला निर्माण का सर्वे कराने के भी आदेश दिए।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री से घोड़ादह एनीकट की मरम्मत की मांग भी रखी। मंत्री नागर ने अधिकारियों को शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंत्री नागर कांकरिया गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित मकान पट्टों को लेकर अपनी समस्याएं बताईं। ग्रामीणों ने कहा कि 30 वर्ष पुराने आबादी क्षेत्रों में रहने के बावजूद अब तक उन्हें पट्टे नहीं मिले हैं। इस पर मंत्री नागर ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सर्वे करने के निर्देश दिए और कहा कि जिन गांवों में 30 वर्ष या उससे अधिक समय से लोग बसे हैं, उन्हें शीघ्र ही आबादी क्षेत्र में शामिल किया जाए। उन्होंने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों की सूची तैयार कर प्रस्ताव बनाएं, ताकि योग्य ग्रामीणों को पट्टे उपलब्ध कराए जा सकें।
वहीं बांस्याहेडी गांव में खाद की किल्लत की शिकायत पर भी मंत्री नागर ने संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों से बात कर सभी जीएसएस केंद्रों पर डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के तालाब की दीवार टूटने की शिकायत भी रखी, जिस पर मंत्री ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्यवाही करने को कहा।
ऊर्जा मंत्री नागर का यह दौरा जहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का भरोसा लेकर आया, वहीं स्थानीय प्रशासन को भी विकास कार्यों में ढिलाई न बरतने का सख्त संदेश दे गया।
- बरखेड़ाऊर्जा मंत्री हीरालाल नागरदौसा समाचारइंटरलॉकिंग सड़ककीचड़ समस्यानाला निर्माणपट्टा वितरणकांकरिया गांवबांस्याहेडीखाद आपूर्तिडीएपी यूरिया संकटग्रामीण विकासराजस्थान सरकारमंत्री निरीक्षणघोड़ादह एनीकट मरम्मतBarkheda newsDausa district newsRajasthan minister visitHiralal Nagarrural inspectionroad reconstructiondrainage surveyland patta issue

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
