प्रतापगढ़ जिले के पारसोला थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। घरेलू विवाद से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते जानलेवा हिंसा में बदल गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।


जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जौधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त धरियावद नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में पारसोला थाना अधिकारी राकेश कटारा ने अपनी टीम के साथ इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे अभियुक्त सुर्या उर्फ सुरजमल पिता गोतिया मीणा और अभियुक्ता चौखली पत्नी गोतिया मीणा, निवासी बावड़ीखेड़ा थाना पारसोला, को डिटेन कर गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी 18 दिसंबर 2025 को मृतक की पुत्री ललिता ने थाना पारसोला में रिपोर्ट दर्ज कराकर दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 17 दिसंबर की शाम मृतक शराब के नशे में घर लौटा और अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौच करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी उठाकर मारपीट की, जिससे पत्नी की आंख पर गंभीर चोट आई।


घटना के दौरान आत्मरक्षा में पत्नी ने पास पड़ी लकड़ी से पति के सिर पर वार कर दिया। इसी बीच बेटा सुरजमल भी मौके पर पहुंच गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पारसोला पुलिस ने तुरंत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश जारी थी, जिन्हें अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन अनुसंधान जारी है।


यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जहां क्षणिक आक्रोश और हिंसा ने एक परिवार को हमेशा के लिए तोड़ दिया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story