सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार, गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम ने जिला कारागृह का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद बंदियों की कानूनी सहायता, जीवन-यापन की सुविधाओं और कारागृह प्रबंधन की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव समीक्षा गौतम ने सबसे पहले कारागृह में निरूद्ध बंदियों से मुलाकात की और उनके मुकदमों की पैरवी हेतु अधिवक्ता की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और कानूनी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने शिकायत पेटिका को भी खोलकर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की।

समीक्षा गौतम ने जेल परिसर में स्थित रसोईघर का निरीक्षण कर बंदियों को प्रदान किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भोजन, पेयजल, चिकित्सकीय सुविधाओं और कारागृह की साफ-सफाई से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

उन्होंने उपस्थित बंदियों को यह भी अवगत कराया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे तुरंत जेल विजिटिंग लॉयर या अधिकार मित्र को सूचित करें। सचिव ने ट्रेनी आरजेएस अधिकारियों को जेल की कार्यप्रणाली, विधिक सहायता प्रणाली और बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

समीक्षा गौतम ने जेलर बिहारीलाल से बातचीत कर कारागृह में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जानी और उन्हें निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएँ जेल मैनुअल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएँ। निरीक्षण के दौरान कुल 56 बंदी उपस्थित पाए गए।

उन्होंने प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात जेल विजिटिंग लॉयर तथा अधिकार मित्र से जेल में निरूद्ध बंदियों को प्रदान की जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की कार्यवाही के बारे में जानकारी ली। सचिव ने बंदियों को नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, नालसा पोर्टल, एवं विधिक सहायता से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

निरीक्षण के दौरान ट्रेनी आरजेएस अधिकारी मोहित स्वामी, लक्ष्य चावला, राजनंदिनी जोधा, शैली आचार्य, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल राधेश्याम जोगी, अधिकार मित्र मगनलाल मीना एवं जेल स्टाफ उपस्थित रहे। समीक्षा गौतम का यह निरीक्षण न केवल जेल प्रशासन के लिए एक प्रेरणा स्वरूप रहा बल्कि यह सुनिश्चित करने का भी प्रयास रहा कि प्रत्येक बंदी को न्यायिक प्रणाली के अंतर्गत सभी विधिक और मानवाधिकार संबंधी सुविधाएँ उपलब्ध हों।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story