कोटा, 10 नवम्बर।

विद्या भारती के शिक्षा तंत्र को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। विद्या भारती ने इस बयान को न केवल तथ्यों से परे बताया है, बल्कि इसे शिक्षा जगत की गरिमा के विपरीत भी करार दिया है। संगठन के चित्तौड़ प्रांत निरीक्षक नवीन कुमार झा और प्रांत सहमंत्री एवं प्रचार प्रमुख डॉ. विमल जैन ने रविवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विद्या भारती एक पूर्णतः स्वावलंबी, स्वायत्त और गैर सरकारी शैक्षणिक संगठन है, जो किसी भी सरकारी सहायता पर निर्भर नहीं है।

डॉ. जैन ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों का संचालन सरकार की कृपा से नहीं, बल्कि संगठन के हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं, समाज के सहयोग और लाखों आचार्यों के अथक परिश्रम से हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन पर आधारित शिक्षा के माध्यम से ऐसे नागरिक तैयार कर रहा है, जो वैश्विक दृष्टिकोण रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि “सरकार आदर्श विद्या मंदिरों के लिए सरकारी स्कूलों को समाप्त कर रही है।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जैन ने स्पष्ट किया कि यह बयान पूर्णतः भ्रामक है और शिक्षा को राजनीति के दायरे में लाने का अनुचित प्रयास है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती सदैव राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोगी रही है और शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता व नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

डॉ. जैन ने यह भी बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों की संख्या और छात्रसंख्या निरंतर बढ़ रही है, और इस संबंध में सभी प्रमाणिक आंकड़े संगठन की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसी पवित्र प्रक्रिया को राजनीतिक विवादों से दूर रखना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

अंत में डॉ. जैन ने कहा कि विद्या भारती राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के क्षेत्र में सतत योगदान दे रही है और इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए नए आयाम स्थापित कर रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story