डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपहरण कांड सुलझाया, 3 आरोपी गिरफ्तार
डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने मात्र 3 घंटे में अपहृत व्यक्ति को मुक्त कराया। रास्ते में गाड़ी की नंबर प्लेट बदलने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा।

डीडवाना/लाडनूं (जगदीश यायावर)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने अपहरण के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए वारदात के मात्र 3 घंटों के भीतर अपहृत भागीरथ कुमावत को सकुशल मुक्त कराने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने कानून से बचने के लिए रास्ते में अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट तक बदल दी थी, लेकिन पुलिस की घेराबंदी इतनी चाक-चौबंद थी कि उनकी हर चालाकी धरी की धरी रह गई।
घटनाक्रम के अनुसार, 28 जून को पदमपुरा निवासी लोकेश ने कुचामन सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सायं लगभग 6 बजे जब उनके पिता भागीरथ कुमावत घर पर थे, तभी आरजे 34 यूए 1659 नंबर की सफेद स्कॉर्पियो में आए तीन लोगों ने उन्हें आवाज देकर बाहर बुलाया। गेट के पास पहुंचते ही आरोपियों ने भागीरथ के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर मीठड़ी की ओर अपहरण कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवराण ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया और पूरे ऑपरेशन की सतत मॉनिटरिंग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें वृत्ताधिकारी गरिमा चौधरी और थाना प्रभारी महावीर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और पूरे जिले में 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी करवा दी। मेगा हाईवे पर राणासर गांव के पास पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस ने सुखाराम (30) पुत्र लिखमा राम जाट निवासी भंडारी (थाना खुनखुना), सीताराम (30) पुत्र शिव नारायण जाट निवासी सिलनवाद (थाना निम्बी जोधां) और श्रवण राम (26) पुत्र भगवानाराम जाट निवासी भंडारी (थाना खुनखुना) को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए रास्ते में गाड़ी की नंबर प्लेट बदल दी थी, लेकिन सतर्क जवानों ने उन्हें दबोच लिया।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी महावीर प्रसाद, एएसआई महावीर प्रसाद (अतिरिक्त एसपी कार्यालय), एएसआई भंवर लाल (सीओ ऑफिस), लाडनूं थाने के एएसआई गजेन्द्र सिंह, एएसआई सुरेश चन्द्र (कुचामन थाना), हेड कांस्टेबल रोहिताश और कांस्टेबल ओमप्रकाश शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई यह त्वरित कार्रवाई अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश है। फिलहाल पुलिस टीम अपहरण के कारणों और आरोपियों की अन्य आपराधिक भूमिकाओं को लेकर गहन जांच कर रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
