धौलपुर। भू-जल स्तर को सुधारने और जल संचयन के प्रति जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी 25 मई, गंगा दशमी से 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस तक आयोजित होने वाले 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिला कलक्टर श्रीनिधी बी.टी. की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला कलक्टर श्रीनिधी बी.टी. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के कार्यक्रमों में प्रशासनिक सक्रियता के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि अभियान का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने श्रमदान, स्वच्छता गतिविधियां, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां और सामाजिक सहभागिता आधारित कार्यक्रमों को अभियान का मुख्य आधार बनाने पर बल दिया। उन्होंने जिले में कार्यरत स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अभियान की कार्ययोजना स्पष्ट करते हुए जिला कलक्टर ने विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। जल संसाधन और भूजल संरक्षण विभाग को जलस्रोतों व नहरों की सफाई संगम एवं किसानों के सहयोग से कराने, 'जल शक्ति अभियान: कैच द रैन' के तहत कार्यक्रम संचालित करने और जन-भागीदारी से जल संचय के निर्देश दिए गए। पंचायतीराज संस्थाओं और शिक्षा विभाग को गांवों में 'वंदे गंगा' प्रभात फेरी, पीपल पूजन, पौधारोपण व जल स्रोतों के पूजन के आयोजन करने को कहा गया। वन विभाग को 'हरियालो राजस्थान' के तहत पौधारोपण कार्यों की अग्रिम तैयारी, चारागाहों का चिह्निकरण एवं 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान के कार्यों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत 26 मई को जिले भर में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें नवीन कार्यों का अनुमोदन, स्वीकृतियां जारी करने के साथ ही ग्रामवासियों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही गौशाला, पशु चिकित्सालय, दुग्ध संघ, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कृषि उपज मंडी समिति और सार्वजनिक पेयजल स्रोतों के आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जल संरक्षण के महत्व पर विभिन्न संगठनों के साथ विचार संगोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबली राम जाट, जलदाय अधीक्षण अभियंता राजकिरण यादव और उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह अभियान जल के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा देकर धौलपुर में एक सशक्त जल-संस्कृति के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Uttam Dixit, Dholpur

Uttam Dixit, Dholpur

नाम: उत्तम दीक्षित


वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)

कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान


पत्रकारिता का अनुभव 

उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:

प्रिंट मीडिया (Print Media):

दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।

इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):

TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।

Next Story