धौलपुर: एसपी विकास सांगवान ने ली क्राइम मीटिंग, अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में चार घंटे से अधिक चली मैराथन बैठक में लंबित मामलों, चम्बल बजरी खनन और नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

धौलपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय अपराध गोष्ठी में उपस्थित पुलिस अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (दाएं से दूसरे) और अन्य अधिकारीगण।
जिले में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने एक बेहद महत्वपूर्ण और मैराथन अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। कलेक्ट्रेट सभागार में शाम 4:00 बजे शुरू हुई यह समीक्षा बैठक चार घंटे से भी अधिक समय तक लगातार चली, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की गहराई से पड़ताल की। इस उच्च स्तरीय बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह सहित वृताधिकारी वृत्त सैंपऊ अनूप सिंह, वृताधिकारी वृत्त बाड़ी महेन्द्र कुमार, वृताधिकारी वृत्त सरमथुरा नरेन्द्र मीणा और जिले के समस्त वृताधिकारी व थानाधिकारीगण अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बैठक के दौरान पुलिस मुख्यालय, रेंज और जिला स्तर से चलाए जा रहे विभिन्न विशेष अभियानों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने थानों में लंबित प्रकरणों की थाना वाइज गहन समीक्षा करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र से शीघ्र निस्तारण किया जाए। एसपी ने विशेष रूप से 5 वर्ष व 1 वर्ष से अधिक समय अवधि के लंबित प्रकरणों, 193(9) बीएनएसएस के तहत पैंडिंग मामलों, दुष्कर्म के 02 माह से पैंडिंग प्रकरणों, एससी/एसटी एवं पोक्सो (POCSO) अधिनियम के दो माह से लंबित मुकदमों और लोकसेवकों पर हमले के पैंडिंग प्रकरणों के तत्काल निस्तारण पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने हत्या, डकैती, लूट और दुष्कर्म के अनट्रेस (अनसुलझे) प्रकरणों की केस वाइज समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इन संगीन अपराधों का जल्द से जल्द खुलासा करने के कड़े निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने कालिका पैट्रोलिंग यूनिट व एंटी रोमियो स्कॉड द्वारा की गई अब तक की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने साफ किया कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से एसपी ने आदतन बदमाशों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने, उनकी गतिविधियों पर पैनी निगरानी रखने तथा क्षेत्र के सक्रिय व शातिर अपराधियों को चिन्हित कर उनकी नई हिस्ट्रीशीट ओपन करने की हिदायत दी। उन्होंने चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए स्थानीय सूचना तंत्र (इंटेलिजेंस) को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा, अवैध मादक पदार्थों के परिवहन व तस्करी को रोकने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाने, अपने-अपने बीट क्षेत्र पर सतत निगरानी रखने, गश्त व्यवस्था को प्रभावी बनाने और थानों के मालखाना में रखे माल का अतिशीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में और अधिक बेहतर प्रयास करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, ई-एफआईआर की प्रगति, अपराधियों के फिंगर प्रिंट लेने की प्रक्रिया, विभिन्न प्रकरणों में चालान व एफआर (फाइनल रिपोर्ट) की वर्तमान स्थिति और केस ऑफिसर स्कीम में चयनित केसों के संबंध में आवश्यक एवं तकनीकी दिशा-निर्देश जारी किए। विभिन्न मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे अपराधियों और न्यायालय द्वारा घोषित वारंटियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए थानों के माध्यम से बड़े स्तर पर धरपकड़ कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन और उसके परिवहन पर पूर्णतः रोकथाम लगाने तथा इस पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में प्रभावी गश्त व सघन नाकाबंदी कर अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजने का आदेश देकर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कर दिया कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

Uttam Dixit, Dholpur
नाम: उत्तम दीक्षित
वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)
कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान
पत्रकारिता का अनुभव
उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:
प्रिंट मीडिया (Print Media):
दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।
इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):
TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।
