धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने कोतवाली थाने का किया औचक निरीक्षण
एसपी ने मालखाना, रिकॉर्ड रूम और बैरकों की जांच कर पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता व पारदर्शिता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

धौलपुर कोतवाली थाने के औचक निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, साथ में एएसपी वैभव शर्मा और वृताधिकारी कृष्ण राज जांगिड।
जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान आईपीएस ने कल देर शाम कोतवाली पुलिस थाना धौलपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैभव शर्मा व वृताधिकारी वृत्त धौलपुर श्री कृष्ण राज जांगिड भी साथ रहे।
थाना परिसर एवं मालखाना व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन
पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने कल देर शाम पुलिस थाना कोतवाली धौलपुर का औचक निरीक्षण कर कोत, मालखाना, रिकॉर्ड रुम आदि की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा थाना भवन की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालखाना, रसोईघर, पुलिस बैरकों सहित संपूर्ण थाना परिसर की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- उन्होंने मालखाना के निरीक्षण के दौरान जब्त किए गए सामान की स्थिति, सुरक्षा और रिकॉर्ड व्यवस्था की जांच की।
- उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि "मालखाने में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन रखे जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को किसी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।"
पुलिसकर्मियों के कल्याण और सुविधाओं पर निर्देश
उन्होंने थाना परिसर के रसोईघर का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्यवर्धक, स्वच्छ और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। थाना परिसर में पुलिस कर्मचारियों के आवास (बैरकों) की स्थिति का भी उन्होंने गहन निरीक्षण किया।
- साफ-सफाई, मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- पुलिसकर्मियों के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए थाने में खेलकूद और मनोरंजन की सुविधाएं जल्द शुरू की जाएं, जिससे तनावमुक्त और प्रेरणादायक वातावरण बन सके।
जनता के प्रति व्यवहार और कार्यशैली
आमजन के साथ पुलिस के व्यवहार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि थाने में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और संवेदनशीलता का पात्र है। चाहे वह शिकायतकर्ता हो, गवाह या कोई आगंतुक, पुलिसकर्मियों को जनसेवक की भावना के साथ व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि थाना आमजन के लिए भरोसे और न्याय का पहला दरवाजा है, इसलिए व्यवहार में नरम स्वभाव और सहानुभूति अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए:
- रिकॉर्ड अद्यतन व व्यवस्थित रखे जाएं।
- शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो।
- परिसर की स्वच्छता बनी रहे।
- महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों के साथ विशेष संवेदनशीलता का व्यवहार किया जाए।
- आमजन से संवाद व विश्वास बढ़ाने के प्रयासों को प्राथमिकता दी जाए।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ से संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने कहा कि "जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। इसे बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी ड्यूटी पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ निभानी चाहिए। पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे जनता खुद को सुरक्षित, सम्मानित महसूस करे।"
उपस्थिति
इस दौरान निम्नलिखित अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे:
- श्री वैभव शर्मा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक)
- श्री कृष्ण राज जांगिड (वृताधिकारी वृत्त धौलपुर)
- श्री वीरेन्द्र मीणा (कोतवाली थानाधिकारी)
- श्री अशोक सिंह (सागर पाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी)
- समस्त थाना स्टाफ

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
