जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर के कमांडेंट सीताराम प्रजापति के सुपरविजन में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशानुसार विश्व साइकिल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में रविवार को धौलपुर पुलिस एवं 6वीं बटालियन आरएसी द्वारा संयुक्त रूप से 'संडे ऑन साइकिल' अभियान के अंतर्गत एक भव्य साइकिल रैली का सफल आयोजन किया गया। प्रातः 7:00 बजे पुलिस लाइन धौलपुर से आरंभ हुई इस रैली को कमांडेंट सीताराम प्रजापति, डिप्टी कमांडेंट सुरेश सांखला एवं वृत्ताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्णराज जांगिड ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर यह रैली जगदीश तिराहा, गुलाब बाग एवं सब्जी मंडी होते हुए आरएसी लाइन तक पहुंची।

इस रैली में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, आरएसी जवानों, बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों और आमजन ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण, बदलती जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के दौर में साइकिलिंग एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प है। 'संडे ऑन साइकिल' अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और युवाओं को नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित करने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने धौलपुर को फिट, हरित एवं जागरूक जिला बनाने का संकल्प लिया। धौलपुर पुलिस द्वारा रैली के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। धौलपुर पुलिस ने आमजन से नियमित रूप से साइकिलिंग एवं शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण तथा सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है। यह रैली इस संदेश के साथ संपन्न हुई कि साइकिल को अपनाकर धौलपुर को एक फिट और जागरूक जिले के रूप में नई पहचान दिलाई जाए।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story