धौलपुर में पुलिस आयोजित करेगी 'संडे ऑन साइकिल' अभियान
आमजन को फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए 24 मई को साइकिल रैली और योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

धौलपुर जिला पुलिस और 6वीं बटालियन आरएसी द्वारा 24 मई 2026 को आयोजित होने वाले 'संडे ऑन साइकिल' अभियान के प्रशासनिक कार्यों का केंद्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय।
धौलपुर पुलिस और 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर द्वारा 24 मई 2026 को “संडे ऑन साइकिल” अभियान का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की पहल पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से आमजन को फिटनेस, स्वास्थ्य, योग, व्यायाम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। अभियान पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में आयोजित होगा।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि अभियान का आयोजन रविवार 24 मई 2026 को प्रातः 6:30 बजे से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक फिटनेस के महत्व को समझाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि प्रदूषण कम करने और यातायात दबाव घटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत प्रातः 6:30 बजे से 7:00 बजे तक पुलिस लाइन धौलपुर में योग कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रातः 7:15 बजे से 7:45 बजे तक जुम्बा एवं रोप स्किपिंग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं प्रातः 8:00 बजे से 8:30 बजे तक साइकिलिंग रैली निकाली जाएगी, जो पुलिस लाइन धौलपुर से शुरू होकर जगदीश तिराहा, गुलाब बाग और कृषि उपज मंडी के आगे से होते हुए 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर तक पहुंचेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि अभियान में जिला पुलिस और 6वीं बटालियन आरएसी धौलपुर के अधिकारी, शहर के थाना अधिकारी, पुलिस एवं आरएसी के जवानों के साथ सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र तथा स्कूली छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे। उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे रविवार 24 मई 2026 को प्रातः 6:30 बजे पुलिस परेड ग्राउंड धौलपुर में साइकिल सहित पहुंचकर “संडे ऑन साइकिल” अभियान का हिस्सा बनें और पुलिस की इस जनजागरूकता पहल को सफल बनाने में योगदान दें। फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाने वाला यह अभियान धौलपुर में स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता का बड़ा संदेश देगा।

Uttam Dixit, Dholpur
नाम: उत्तम दीक्षित
वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)
कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान
पत्रकारिता का अनुभव
उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:
प्रिंट मीडिया (Print Media):
दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।
इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):
TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।
