धौलपुर: वृद्ध महिला का रुपयों भरा बैग बरामद करने वाली साइबर सेल सम्मानित
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल ने तकनीकी संसाधनों से 1 घंटे में ढूँढा 1 लाख रुपये और जेवरात भरा बैग, मंजरी फाउंडेशन ने टीम को किया सम्मानित।

धौलपुर में वृद्ध महिला का खोया हुआ बैग एक घंटे में बरामद करने वाली साइबर सेल टीम के प्रभारी नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल हरवेंद्र सिंह को सम्मानित करते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह।
वृद्ध महिला का रुपयों से भरा बैग महज एक घंटे में ढूंढने वाली धौलपुर साइबर सेल टीम का मंजरी फाउंडेशन ने किया सम्मान
धौलपुर। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में पिछले दिनों एक वृद्ध महिला के रुपए रखे हुए बैग को खोये जाने की सूचना पर महज 01 घंटे में दस्तयाब करने वाली धौलपुर पुलिस की सायबर सेल टीम को सम्मानित किया गया है। टीम के प्रभारी नरेन्द्र सिंह हैड कांस्टेबल व हरवेंदर सिंह कानि. को मंजरी फाउंडेशन द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह के सानिध्य में यह सम्मान प्रदान किया गया।
ऑटो की फटी सीट से गिरा था मजदूरी की कमाई का बैग
गौरतलब है कि पिछले दिनों धौलपुर पुलिस ने एक वृद्ध महिला का खोया हुआ बैग मात्र एक घंटे के भीतर बरामद कर उसे सुरक्षित लौटाया था। दिनांक 20 फरवरी को गुजरात में मजदूरी करने वाली वृद्ध महिला शांति पत्नी गिर्राज सिंह जाति कुशवाह निवासी मसूदपुर थाना सदर धौलपुर सुबह 6:00 धौलपुर रोडवेज बस स्टैंड से एक ओटो से अपने गांव मसूदपुर के लिए रवाना हुई थी। महिला ने बैग को सीट के पीछे रख लिया था लेकिन जब महिला गांव में पहुंची तो बैग ओटो में नहीं मिला। ध्यान से देखा तो ओटो में सीट के पीछे की तरफ का पर्दा फटा हुआ था। महिला और परिजनों ने फिर वापिस उस रास्ते पर बैग को काफी खोजा लेकिन कल शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
तकनीकी संसाधनों से एक घंटे में हुई बरामदगी
इसके बाद दिनांक 21.02.2026 की सुबह 9:30 पर महिला अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय धौलपुर पहुंची। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में सायबर सेल प्रभारी नरेन्द्र कुमार हैंड कानि. के नेतृत्व में कानि. हरवेंदर सिंह तत्परता से तकनीकी संसाधनों के उपयोग से बैग की तलाश में रवाना हुए। पुलिस टीम को सैंपल रोड पर एक नाले में बैग मिला जिसमें पूरे 1 लाख रुपए, सोने की बारी, चांदी के बीछिया व पायल एवं मोबाइल सुरक्षित मिले।
पुलिस की मानवीय पहल से बढ़ा आमजन का विश्वास
सायबर सेल टीम द्वारा बैग को महिला व परिजनों को चैक करवाया गया और महज एक घंटे में सकुशल सुपुर्द किया गया। पुलिस की इस तत्परता और मानवीय पहल से क्षेत्र में आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है। इस पूरी सफल कार्रवाई में सायबर सेल टीम के कानि. हरवेंदर सिंह की विशेष भूमिका रही, जिसके चलते उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
