नौतपा की भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से सर्किट हाऊस के गेट पर संचालित शीतल जल की सार्वजनिक प्याऊ ‘जल मंदिर’ पर आमजन को शीतल जल एवं शरबत का वितरण कर कंठ तर किए गए।

इसी दौरान राजाखेड़ा विधानसभा से प्रत्याशी एवं भाजपा नेत्री श्रीमती नीरजा अशोक शर्मा ने जल मंदिर पहुंचकर अपने जन्मदिन की शुरुआत सेवा कार्य से करते हुए राहगीरों को अपने हाथों से शरबत पिलाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में जल सेवा करना सबसे पुनीत और अक्षय पुण्य देने वाला कार्य माना गया है। उन्होंने कहा कि जेठ के महीने की भीषण गर्मी में प्यासे को जल पिलाना और जलदान करना साक्षात भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त कराने वाला होता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें अपने जन्मदिन की शुरुआत जल सेवा से करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में शिक्षक संघ के पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना भी की गई। श्रीमती नीरजा शर्मा के जल मंदिर पहुंचने पर संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा तथा जिलाध्यक्ष हरीसिंह गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं में जब किसी राहगीर को शीतल जल या ठंडा पेय प्राप्त होता है तो उसे अत्यधिक राहत मिलती है। वहीं जिलाध्यक्ष हरीसिंह गुर्जर ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी पिछले एक दशक से ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव के साथ भीषण गर्मी में राहगीरों को नियमित शीतल जल उपलब्ध करा रहे हैं तथा समय-समय पर विशेष अवसरों पर ठंडा पेय एवं खाद्य पदार्थों का वितरण भी करते हैं।

कार्यक्रम में अवधेश सारस्वत, केदार सिंह बघेल, रजनीकांत शर्मा, भानु प्रताप परमार, नंदकिशोर लोधी, सत्यप्रकाश शर्मा, पुरुषोत्तम शुक्ला, कुलदीप शर्मा, रामशंकर प्रजापति, बालकिशन शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story