धौलपुर: नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 निजी अस्पतालों का पंजीकरण निलंबित
सीएमएचओ डॉ. धर्म सिंह मीना ने औचक निरीक्षण के दौरान पाई गईं अनियमितताओं के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पतालों को नोटिस जारी किया।

धौलपुर में निजी अस्पतालों के औचक निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. धर्म सिंह मीना ने चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड की जांच की।
धौलपुर। जिले में निजी स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीना ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती का परिचय दिया है। गुरुवार को किए गए इस सघन निरीक्षण अभियान के तहत डॉ. मीना ने गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल, यशोदा हॉस्पिटल एवं मैट्रो हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधा संवाद कर उपचार की गुणवत्ता की समीक्षा की। गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (माँ) योजना के अंतर्गत मरीजों को दिए जा रहे निःशुल्क उपचार की गहन पड़ताल की गई, जबकि यशोदा और मैट्रो हॉस्पिटल में मरीजों के ऑपरेशन और वहां मौजूद चिकित्सकीय टीम के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई गई।
निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन और गंभीर अनियमितताओं के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। डॉ. धर्म सिंह मीना ने जानकारी दी कि जिले में राजस्थान से बाहर के राज्यों में पंजीकृत चिकित्सकों के माध्यम से संचालित एवं अनुबंधित कुल 12 अस्पतालों को चिह्नित किया गया था। नियमों की निरंतर अवहेलना पाए जाने पर श्री बांके बिहारी हॉस्पिटल धौलपुर, दिव्यांशी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर जीटी रोड धौलपुर, कलावती हॉस्पिटल सुआ का बाग मनिया, कोटा हॉस्पिटल संत नगर रोड बाड़ी, न्यू कृष्णा हॉस्पिटल धौलपुर, प्रकाश हॉस्पिटल राजाखेड़ा, एस.एन. हॉस्पिटल मनिया, श्री कृष्णा हॉस्पिटल धौलपुर, श्रीजी हॉस्पिटल धौलपुर, सिद्धार्थ सिटी हॉस्पिटल धौलपुर, सी.एस. हॉस्पिटल बसेड़ी एवं शिव नर्सिंग होम मछरिया के पंजीकरण तत्काल प्रभाव से 5 दिवस के लिए निलंबित कर दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि उपचार केवल राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा ही किया जाए। निर्धारित अवधि के बाद भी नियमों की पालना न होने की स्थिति में इन अस्पतालों के पंजीकरण स्थायी रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विभागीय जांच प्रक्रियाधीन होने के कारण सर्जन डॉ. अनुराग सिंह से अनुबंधित ग्लोबल हॉस्पिटल एवं मैक्स हॉस्पिटल के पंजीकरण विभाग द्वारा पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं। सीएमएचओ डॉ. मीना ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण उपचार से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी निजी अस्पतालों के औचक निरीक्षण का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा और मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Uttam Dixit, Dholpur
नाम: उत्तम दीक्षित
वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)
कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान
पत्रकारिता का अनुभव
उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:
प्रिंट मीडिया (Print Media):
दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।
इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):
TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।
