मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज अंता विधानसभा के चुनावी दौरे पर, मांगरोल में होगा भव्य रोड शो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को अंता विधानसभा के मांगरोल क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में भव्य रोड शो करेंगे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और सांसद दुष्यंत सिंह भी साथ रहेंगे। रोड शो सुभाष चौक से सीसवाली तिराहे तक निकलेगा, जहां जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम होंगे।

राजेंद्र शर्मा, बारां।
अंता विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र प्रदेश की राजनीति गुरुवार को मांगरोल में केंद्रित रहेगी, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा यहां एक भव्य रोड शो के माध्यम से चुनावी शंखनाद करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ और सांसद दुष्यंत सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार, 6 नवंबर को प्रातः 11 बजे जयपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12 बजे मांगरोल पहुंचेंगे। यहां से वे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में विशाल रोड शो की अगुवाई करेंगे, जो सुभाष चौक से प्रारंभ होकर आज़ाद चौक होते हुए सीसवाली तिराहे तक निकलेगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 से 4 बजे तक चलेगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस रथ पर मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहेगा। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण स्वागत समारोहों का आयोजन किया गया है। भाजपा संगठन ने इसे एक जनसंपर्क महाअभियान के रूप में तैयार किया है, जो न केवल संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक होगा बल्कि स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर भी बनेगा।
अंता विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह रोड शो राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल चुनावी समीकरणों को नई दिशा दे सकता है, बल्कि क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता और नेतृत्व की एकजुटता का भी स्पष्ट संदेश देगा।
- "भजनलाल शर्मामुख्यमंत्री राजस्थानअंता विधानसभा उपचुनावमांगरोल रोड शोवसुंधरा राजेमदन राठौड़दुष्यंत सिंहभाजपा प्रचारराजस्थान चुनाव 2025बारां समाचारसीसवाली तिराहासुभाष चौक मांगरोलचुनावी दौरा राजस्थानBJP RajasthanAnta By Election RallyChief Minister Bhajanlal SharmaMangrol Road ShowVasundhara RajeMadan RathoreDushyant SinghRajasthan PoliticsBaran NewsBJP Campaign RajasthanAnta Assembly By Election 2025

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
