राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची अद्यतन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने मंगलवार को बारां जिला मुख्यालय और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ (Booth Level Officers) द्वारा किए जा रहे हाउस-टू-हाउस सर्वे, गणना प्रपत्रों के वितरण तथा बीएलओ एप में मतदाताओं की मैपिंग की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।

श्री महाजन ने गजनपुरा क्षेत्र के भाग संख्या 3, बमूलिया के भाग संख्या 81 और नटराज नगर के भाग संख्या 36 का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ राकेश कुमार बैरवा, प्रीतम शर्मा और सोनू कुमार मोरवाल से कार्य की प्रगति और फील्ड में आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान कुछ मतदाताओं ने बताया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उनके नाम शामिल नहीं हैं, जबकि वे लंबे समय से उसी स्थान पर निवासरत हैं। इस वजह से नई बसी कॉलोनियों में मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। बीएलओ ने भी बताया कि कई मतदाता घर पर उपस्थित नहीं मिल रहे हैं, जिससे फार्म वितरण और मैपिंग कार्य में देरी हो रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इन समस्याओं पर गंभीरता दिखाते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता से यह जानकारी ली जाए कि वह पहले कहां निवास करता था। जिनके पास पुराना ईपिक नंबर (EPIC Number) है, उनके नाम उसी के आधार पर तलाशे जाएं और मैपिंग सुनिश्चित की जाए। वहीं जिन मतदाताओं के पास ईपिक नंबर नहीं हैं, उनके पूर्व निवास स्थान की जानकारी लेकर वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उनका नाम खोजा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक ऐसे मतदाता की मैपिंग सुनिश्चित की जाए, जिनकी जानकारी अब तक दर्ज नहीं हो सकी है।

श्री महाजन ने यह भी निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों का वितरण और फार्म-6 एडवांस का भरवाना अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2026 के आधार पर एक साथ किया जाए। साथ ही, जिन मतदाताओं के नाम वर्ष 2002 की सूची में नहीं मिल रहे हैं या बीएलओ ऐप पर मैपिंग में कठिनाई हो रही है, उनसे तत्काल दस्तावेज नहीं लिए जाएं, बल्कि नोटिस जारी कर आवश्यक जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एसडीएम) को निर्देशित किया कि बीएलओ ऐप पर शत-प्रतिशत मैपिंग का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि फील्ड में फार्म वितरण कार्य को गति देने के लिए वॉलंटियर्स की सहायता ली जाए। प्रत्येक ऐसे मतदान केंद्र जहां मैपिंग कम है, वहां दो प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात किए जाएं जो वर्ष 2002 की मतदाता सूची से नाम खोजने में बीएलओ की मदद करें।

श्री महाजन ने यह भी कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर बीएलए (Booth Level Agents) नियुक्त नहीं हैं, वहां संबंधित राजनीतिक दलों से समन्वय कर शीघ्र नियुक्ति की जाए। बीएलए का प्रशिक्षण 5 नवंबर तक पूर्ण किया जाए ताकि वे गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरवाने में बीएलओ की सहायता कर सकें। साथ ही, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में हेल्प डेस्क स्थापित कर मतदाताओं को एसआईआर कार्यक्रम की पूरी जानकारी दी जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के इस निरीक्षण ने न केवल मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में नई ऊर्जा का संचार किया है, बल्कि पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासनिक तत्परता भी प्रदर्शित की है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story