बारां। अंता विधानसभा उपचुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा-विनाश” और “शस्त्र प्रहार” के तहत छबड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और नकदी बरामद की है, साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंडासु ने जानकारी दी कि अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन और वृताधिकारी छबड़ा विकास कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 3 नवंबर को यह कार्रवाई अंजाम दी।

पहली कार्रवाई में थानाधिकारी राजेश कुमार खटाना अपनी टीम के साथ कस्बा क्षेत्र में गश्त पर थे, जब गणेश फार्म से रीछड़ा मार्ग पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पायजामे की जेब से 9.93 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान मुकेश पुत्र कोजाराम निवासी जोधपुर ग्रामीण (वर्तमान में बापचा, जिला बारां) के रूप में हुई। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

दूसरी कार्रवाई में पूछताछ के दौरान मुकेश ने खुलासा किया कि उसने अफीम रामस्वरूप मीणा निवासी बावड़ीखेड़ा ढाबा वाले से खरीदी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामस्वरूप के ढाबे और मकान पर छापा मारा। इसी दौरान एक व्यक्ति खिड़की से भागने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया, जिसकी पहचान सुरेश पुत्र त्रिलोकचंद निवासी कोहनी थाना कवाई के रूप में हुई। तलाशी में उसके थैले से 183 ग्राम अफीम, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक लाख पांच सौ रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंडासु ने बताया कि “ऑपरेशन शस्त्र प्रहार” के तहत अब तक पांच देशी कट्टे, तीन पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए जा चुके हैं। वहीं “ऑपरेशन नशा-विनाश” के दौरान 97 किलोग्राम डोडा चूरा, 24.433 किलोग्राम गांजा, 30 ग्राम स्मैक, 47 ग्राम टांका, 1875 ऐविल इंजेक्शन और 193 ग्राम अफीम बरामद की गई है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगामी उपचुनाव से पहले शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में अहम कदम है। जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर पूरी सख्ती से नकेल कसी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story