हनुमानगढ़, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हनुमानगढ़ जिले में “सरदार@150 एकता समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय पर एक भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया, जो हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई। पदयात्रा स्टेडियम से प्रारंभ होकर तिलक सर्कल, सर्किट हाउस, जिला कलेक्ट्रेट और जिला परिषद कार्यालय के सामने से होकर पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई।

पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के उद्घोष के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश फैलाया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि स्वतंत्रता के समय अंग्रेजों द्वारा छोड़ी गई अनेक रियासतों को एकजुट कर भारत के वर्तमान स्वरूप का निर्माण सरदार पटेल ने किया। डॉ. यादव ने युवाओं से आग्रह किया कि वे समाज और राष्ट्र सेवा में संलग्न हों और भटके हुए युवाओं को सही मार्ग पर लाने का संकल्प लें।

उन्होंने सरदार पटेल के त्याग, समर्पण और दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से देश की 562 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता सुनिश्चित हुई। डॉ. यादव ने कहा कि उनका जीवन आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के मूल्यों को आत्मसात करें।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने एकता, साइबर सीओ श्रीमती कमला पूनिया ने आत्मनिर्भरता और स्वदेशी अपनाने, तथा सीईओ श्री ओ.पी. बिश्नोई ने स्वच्छता की शपथ दिलाई। समारोह में एडीएम श्री उम्मेदीलाल मीना, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद डेलू, जनप्रतिनिधि श्री अमित चौधरी, एसएसपी श्री जनेश तंवर, जिला परिषद सीईओ श्री ओ.पी. बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, एसीईओ श्री सुनील छाबड़ा, डीओआईटी संयुक्त निदेशक श्री योगेन्द्र कुमार, जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पदयात्रा में स्काउट-गाइड, माय भारत वॉलिंटियर, एनएसएस, विद्यार्थी, पुलिसकर्मी और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और सरदार पटेल की विरासत को जीवंत करने वाला बन गया।

यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के योगदान को यादगार बनाने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं और समाज के लिए राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकजुटता का संदेश भी प्रकट करता है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story